भोपाल। भाजपा का 46वां स्थापना दिवस 6 अप्रैल रविवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने भोपाल स्थित पार्टी कार्यालय में ध्वजारोहण किया और सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने पार्टी के गौरवमयी इतिहास की याद दिलाते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि अंधेरा छटेगा, कमल खिलेगा और आज हम देख रहे हैं कि हर जगह कमल खिल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि अटल जी ने सुशासन की नींव रखी थी और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों के जीवन में खुशहाली ला रहे हैं।
वीडी शर्मा ने आगे कहा कि भाजपा की शुरुआत 1980 में मुंबई के अधिवेशन से हुई थी, जहां अटल बिहारी वाजपेयी पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने यह भी बताया कि भाजपा अब दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के समय की भविष्यवाणी आज सच हो रही है।
उन्होंने प्रदेशवासियों को रामनवमी की भी शुभकामनाएं दी और भाजपा के संस्थापकों पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के अंत्योदय के सपने को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा पूरा किए जाने का जिक्र किया।


