ग्वालियर। बुधवार सुबह झांसी रोड थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद के चलते दो पक्षों में जमकर गोलीबारी हुई है। गोलीबारी के साथ लाठी से दो युवकों की मारपीट भी हुई।
मामले में पुलिस गोली चलाने वालों को तलाश रही है।
जानकारी के मुताबिक झांसी रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत अडूपुरा क्षेत्र में जमीन पर गोपा सिंह और दशरथ सिंह के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इन लोगों में पहले भी विवाद हो चुका है।
बुधवार सुबह जमीन जोतने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। यह लोग गुंडों को लेकर आ गए। नकाबपोश गुंडों ने जमकर गोलियां चलाई।
एक के बाद एक सात गोलियां चलीं, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। इन लोगों में लाठियां भी चलीं।
घटना के बाद यह लोग झांसी रोड थाने पहुंचे। लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। इसके बाद पुलिस अधिकारियों से शिकायत की गई। तब घायलों को मेडिकल के लिए भेजा गया।
गौरतलब है कि ग्वालियर में लगातार गोलीबारी की घटना हो रही है। पिछले 23 दिन में एक 15 घटना ऐसी हुई, जिनमें गोलीबारी हुई। लगातार हो रही गोलीबारी से शहर का माहौल बिगड़ रहा है।
एएसपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि झांसी रोड इलाके में गोलीबारी की घटना सामने आई है। जमीन को लेकर झगड़ा हुआ है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम लगाई गई है।


