डिंडोरी। जिले के विक्रमपुर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चौबीसा के सकरी हार में एक युवक और नाबालिग का शव खाई में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पहाड़ से कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। दोनों के शव घटना के दो दिन बाद पहाड़ के नीचे मिले हैं।
बताया गया कि 17 वर्षीय नाबालिग रविवार की दोपहर घर से बाजार जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर शाम तक वह घर नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की।
बुधवार की दोपहर लगभग ढाई बजे मवेशी चराने वाले एक ग्रामीण ने पहाड़ के नीचे दो शव पड़े देखे और इसकी जानकारी ग्रामीणों सहित पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतक युवक की पहचान राजेंद्र परस्ते (24) निवासी ग्राम छीरपानी के रूप में हुई है।
बताया गया कि राजेंद्र भी रविवार को ही घर से निकला था। युवक का विवाह पिछले वर्ष ही हुआ था और वह डिंडौरी में बिजली फिटिंग का काम कर रहा था। 27 फरवरी को ही वह अपने गांव आया था।
विक्रमपुर चौकी प्रभारी (सउनि) संतोष यादव ने बताया कि ग्राम चौबीसा रैयत के सकरी हार में लगभग 60 से 70 मीटर गहरी खाई में युवक और नाबालिग का शव मिला है। घटना की जानकारी बुधवार की दोपहर बाद मिली थी। गुरुवार को दोनों शव निकलवाए गए। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है।


