अंग्रेजों के समय के कानून बदल गए लेकिन पुलिस शब्दावली अब भी पुराने ढर्रे पर, कुछ शब्दों का अर्थ तो पुलिसकर्मी भी नहीं जानते

सीधी। कत्ल, फर्द, तरमीम, मौका-ए-वारदात, गश्त, हज्ब हिदायत…, बदी मजमून, जिस्म जरकल…, यह शब्द आमजन की समझ से भले नहीं आते हो, लेकिन पुलिस थानों में अभी भी यही शब्दावली चलन में है।
इनका चलन मुगलकाल से चला आ रहा है। कुछ शब्दों का तो पूरी तरह अर्थ पुलिसवाले भी नहीं जानते, लेकिन कागजी कार्यवाही में उपयोग करते हैं। पुलिस रोजनामचा और जांच रिपोर्ट में ऐसे उर्दू-अरबी-फारसी के शब्दों का उपयोग हो रहा है। इस्तगासा, दस्तयाब, पतारसी, माल मसरुगा, हवाले साना, माल वाजयाफ्ता जैसे कई शब्द पुलिस अधिकारियों के लिए सामान्य है।
सरकार ने अब अंग्रेजों के जमाने के कानून बदल दिए हैं। ऐसे में पुलिस की डिक्शनरी से चलन से बाहर हो चुके शब्दों को हटाने की बात उठने लगी है।
पुलिस की नई भर्ती से आने वाले पुलिसकर्मी भी बरसों से चलन में आ रहे शब्दों का उपयोग करते असहज महसूस करते हैं। ऐसे में पुलिस की भाषाशैली नए सिरे से तय की जानी चाहिए।
वरिष्ठ अधिवक्ताओ का कहना हैं कि सरकार ने देशभर में नया कानून लागू किया है। अब पुलिस थानों में मुगलकाल के अरबी, उर्दू व फारसी शब्दों का चलन भी बंद कर देना चाहिए। पुलिस शब्दावली ऐसी होनी चाहिए जो परिवादी और वादी दोनों को समझ में आ सके।
मुगलकाल के दौरान प्रचलन में आए अरबी, फारसी और उर्दू के शब्द पुलिस की लिखा पढ़ी में आगे से आगे चलते आ रहे हैं। अक्सर फर्द में लिखा जाता है कि पुलिस गश्त में मामूर थी। तभी जरिए मुखबिर मालूम हुआ कि एक नफर अभियुक्त मयमाल मौजूद है। जिस पर हमरान सिपाहियान संग दबिश देकर पकड़ा गया। रूबरू संतरी प्रहरी जामा तलाशी ली, जिस्म जरवात पाक-साफ व ताजा है। हस्ब ख्वाहिश खुराक पूछी गई। गमे गिरफ्तारी खुराक खाने से मुनकिर है। यह आम जनता की समझ से परे वाक्य व कठिन शब्द पुलिस कार्यवाही में देखे जाते हैं।

 

Next Post

कबाड़ व्यवसायियों पर प्रशासन की मेहरबानियां जारी, नियम विरूद्ध संचालित दुकानों पर भी नहीं होती कार्यवाही

सीधी। जिले भर में अवैध कबाड़ का धंधा दिनों दिन फल-फूल रहा है। हर महीने करोड़ों का कारोबार कबाड़ के अवैध ठिकानों से हो रहा है। पुलिस थाने अपने-अपने क्षेत्र में संचालित कबाड़ कारोबारियों से हर महीने सुविधा शुल्क वसूलकर पूरी मनमानी की छूट प्रदान कर रहे हैं। जिला मुख्यालय […]