ग्वालियर। भारतीय रेल के रिटायर्ड अधिकारी के साथ ठगी का मामला प्रकाश में आया है। उनके पास शातिर ठग का कॉल आया। ठग ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताया। इसके बाद अलग-अलग बार में जांच के नाम पर 3.80 लाख रुपए खातों में डलवा लिए।
जब ठगी का अहसास हुआ तब रिटायर्ड रेलवे अधिकारी पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत की।
शिकायत के बाद साइबर सेल ने जांच की तो सामने आया कि इनके पास जो कॉल आया था, वह कंबोडिया से आया था। फिलहाल ठग पुलिस के पकड़ से दूर है।
जानकारी के मुताबिक सचिन तेंडुलकर मार्ग स्थित डीबी सिटी में रहने वाले सुधाकर पिता सूर्यदेव यादव रेलवे से रिटायर्ड हैं। उनके पास बीते दिनों अंजान नंबर से कॉल आया, इस दौरान उनकी पत्नी ही घर पर थीं।
ठगों ने सुधाकर को कमरे में अकेले रहने को कहा। वह कमरे में चले गए। उनसे कहा कि वह 60 करोड़ के गबन में फंसे हैं। जेट एयरबेस के मालिक द्वारा मनी लांड्रिंग की गई, उसमें उनका खाता ट्रैस हुआ है। जिससे वह घबरा गए। इसके बाद उनसे कहा कि उनके खाते में जो रुपए हैं, उनकी जांच होगी। अगर वह घोटाले में शामिल नहीं होंगे तो पूरा पैसा रिलीज कर दिया जाएगा।
इस तरह उनसे अलग-अलग खातों में 3.80 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए। फिर पांच लाख रुपए और मांगे। तब उन्हें ठगी का पता लगा। फिर उन्होंने बेटे को बताया। इसके बाद पुलिस के पास पहुंचे।
जिस नंबर से वाट्सएप्प पर वाइस व वीडियो काल आया था, वह नंबर कंबोडिया का है।


