भोपाल। माखनलाल पत्राकरिता विश्वविद्यालय (एमसीयू) में अनियमितताओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया।
दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक एबीवीपी के छात्र कार्यकर्ता धरने पर बैठे रहे और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
चार घंटे तक चले जोरदार प्रदर्शन और हंगामे के बाद कुलपति प्रो. केजी सुरेश ने छात्रों की समस्याओं को ठीक करने का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्र-छात्राएं धरना समाप्त करने के लिए माने।
एबीवीपी कार्यकर्त्ताओ ने अपनी मांगों को लेकर कुलसचिव को ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में मांग की है कि विवि के बालक एवं बालिका छात्रावास के मेस में खाने को लेकर समस्या बनी हुई है।
खेल मैदान अस्त-व्यस्त है।
संस्थान में लोकपाल नियुक्ति नहीं हुई है। विश्वविद्यालय में लोकपाल न नियुक्त करने पर यूजीसी द्वारा डिफाल्टर घोषित कर दिया गया है।
विद्यार्थियों से सेमेस्टर फीस पर बिना वजह लेट फीस ली जा रही है।
काशन मनी रिफंड होने की कोई समय सीमा नहीं है।
इस प्रकार करीब एक दर्जन समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया गया है।
विद्यार्थी परिषद ने एमसीयू प्रबंधन से मांग की है कि जल्द से जल्द इन अनियमितताओं का समाधान हो, अन्यथा छात्र-छात्राएं पुन: आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।


