जबलपुर। कटनी से नागपुर की ओर जा रही एक्सयूवी कार में गोवंश की तस्करी का मामला सामने आया। सूचना पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार तड़के पाटन बायपास के पास गाड़ी को रोक लिया। जैसे ही गाड़ी रुकी, उसमें सवार दो तस्कर मौके से फरार हो गए।
गाड़ी का दरवाजा खोलते ही कार्यकर्ताओं को भीतर 6 गोवंश ठूंस-ठूंसकर भरे मिले, जिनमें से कई घायल अवस्था में थे। जिसके बाद नाराज कार्यकर्ताओं ने उन्हें बाहर निकाला और कार में जमकर तोड़फोड़ की।
हंगामे की सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना प्रभारी नीलेश दोहरे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गाड़ी नंबर टीएस 13 ईबी 3339 को जब्त कर लिया और पशु चिकित्सा विभाग को सूचना दी।
पशु चिकित्सको की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल गोवंश का इलाज किया और बाद में उन्हें कांजी हाउस तिलवारा भेजा गया।
अति. पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि गाड़ी किसकी है और गोवंश कहां से लाए गए थे, इसकी जांच की जा रही है। जब्त गाड़ी के नंबर से जल्द ही आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी।


