भदभदा बस्ती में लगातार दूसरे दिन चला बुलडोजर, लोगों की सहमति से तोड़े 104 मकान

भोपाल। बड़ा तालाब के समीप होटल ताज के सामने स्थित भदभदा बस्ती में लगातार दूसरे दिन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
बुधवार को यहां लोगों की सहमति से 30 मकान जमींदोज किए गए थे, वहीं 110 और लोगों ने अपने मकान हटाने की सहमति जिला प्रशासन को दे दी थी।
गुरुवार दोपहर तक यहां 104 मकानों पर बुलडोजर चलाया गया।
इन मकानों को जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम ने बुधवार को ही चिह्नित कर लिया था।
बता दें कि एनजीटी के आदेश पर यह कार्रवाई हो रही है।
इस बस्ती में कुल 386 मकान हैं। अब तक 134 मकान हटाए जा चुके हैं।
बुधवार को जिन 30 लोगों ने अतिक्रमण हटाने की सहमति दी, उन्हें एक-एक लाख रुपये के चेक दिए गए। वहीं 110 लोगों ने और सहमति दे दी, इनमें 16 लोगों ने बुधवार रात तक अपना सामान भी हटा लिया। बाकी लोगों ने गुरुवार सुबह अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू होने से पहले भी मकान खाली कर दिए। प्रशासन ने इनके चेक भी बना लिए।
प्रशासन ने रहवासियों को विस्थापन के लिए तीन विकल्प दिए हैं।
पहला एक-एक लाख रुपये मुआवजा। दूसरा 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के साथ हाउसिंग फार आल के तहत मकानों का आवंटन, जबकि तीसरा विकल्प अचारपुरा के पास चांदपुर में जमीन और आर्थिक सहायता।
हालांकि भदभदा बस्ती के अधिकांश लोग चांदपुर जाने को तैयार नहीं हैं।
इस समय स्कूली बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं। बस्ती के अतिक्रमण रोधी कार्रवाई के दौरान हर छोर में पुलिसकर्मी मौजूद हैं। सारे रास्ते बंद कर दिए गए हैं। बच्चे किसी तरह स्कूल तो चले जाते हैं, लेकिन वापस आने में परेशानी होती है। यही हाल बीमार लोगों का है। इधर, घर टूटने के डर से भी कई लोग बीमार हो गए हैं तो कुछ ने खाना भी छोड़ दिया है।
भोपाल के होटल ताज के ठीक सामने झुग्गी बस्ती भदभदा से बुधवार सुबह अतिक्रमण हटाया जाना शुरू हुआ। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीनों तरफ के रास्तों को स्टापर लगाकर बंद कर दिया गया था। पुलिस के करीब 11 सौ जवानों को तैनात किया गया था। किसी को भी इस दौरान आने जाने की अनुमति नहीं थी। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान आसपास के लोग भी देखने पहुंच गए थे।

 

Next Post

आदतन अपराधियों की जमानत का न्यायलय में विरोध करेगी पुलिस, पुलिस कमिश्नर राकेश गुप्ता ने दिए निर्देश

इंदौर। नवागत पुलिस कमिश्नर राकेश गुप्ता ने गुरुवार को अपराधों को लेकर समीक्षा बैठक ली। पुलिस कमिश्नर ने आदतन अपराधियों की निगरानी के निर्देश दिए और कहा कि विवेचक कोर्ट के समक्ष मजबूती से पक्ष रखकर जमानत का विरोध करें। जिन अपराधियों की जमानत हुई उनके खिलाफ कोर्ट में परिवाद […]