मध्यप्रदेश के मंदिरों एवं नदियों में 22 जनवरी को होगा दीपदान

भोपाल। आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सार्वजनिक स्थानों के साथ प्रमुख मंदिरों में बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगाकर किया जाएगा।
साथ ही मंदिरों और नदियों में दीपदान भी किया जायेगा।
प्रदेश के उज्जैन, रतलाम, देवास, सीहोर, सलकनपुर, छिंदवाड़ा, अमरकंटक, जबलपुर आदि स्थानों पर बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शासकीय भवनों में 21 से 26 जनवरी तक रोशनी की जाएगी।
चित्रकूट, ओरछा जैसे महत्व के स्थानों पर विशेष आयोजन होंगे।
यह जानकारी मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने कैबिनेट बैठक से पहले मंत्रियों को संबोधित करते हुए दी। साथ ही बताया कि वे स्वयं भी 22 जनवरी को ओरछा में रहेंगे। सरकार प्रदेशवासियों को अयोध्या मंदिर दर्शन के लिए ले जाएगी। मंत्रियों से कहा गया कि वे इन यात्राओं में साथ रहें।
डॉ. मोहन यादव ने चित्रकूट में 16 जनवरी को हुई श्री रामचंद्र पथ गमन न्यास की पहली बैठक का उल्लेख करते हुए कहा कि राम वन पथ गमन के विकास की कार्य योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। प्रथम चरण में पथ के अयोध्या से चित्रकूट तक के विकास के लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सरकारों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में गतिविधियां संचालित की जाएंगी। पांच विशेषज्ञों की समिति बनाकर कार्य आरंभ किया जाएगा, जो क्षेत्र चिह्नित है वहां पहले कार्य आरंभ होगा। चित्रकूट का विकास किया जाएगा। अमरकंटक का विकास व मंदाकिनी नदी का संरक्षण भी समन्वित रूप से किया जाएगा।
अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर 22 जनवरी को प्रदेश में उत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए विशेष कार्य योजना बनाई गई है। बाबा महाकाल मंदिर से पांच लाख लड्डू अयोध्या भेजे जा रहे हैं। प्रदेश में सभी स्थानों पर प्रभात फेरी, कलश यात्रा जैसे आयोजन किए जा रहे हैं। मंत्रियों से उन्होंने कहा कि मंदिरों में 11 से 22 तक चलने वाले स्वच्छता अभियान में सभी मंत्री और जनप्रतिनिधि भाग लें।

 

Next Post

22 जनवरी को फूलो से सजाया जायेगा श्री रामराजा मंदिर को, प्रज्वलित होंगे एक लाख दीप

निवाडी। श्रीराम जन्म भूमि अयोध्या में 22 जनवरी को भव्य श्रीराम मंदिर के उदघाटन और रामलला की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को एतिहासिक बनाने में जुटी मध्यप्रदेश की मोहन सरकार इस अभूतपूर्व आयोजन के मौके पर मध्यप्रदेश के प्रत्येक धार्मिक स्थल मंदिरों, आश्रमों, देवालयों में धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से […]