घायल तेंदुए का रेस्क्यू करने गए वन कर्मियों पर तेंदुए का हमला, एक वनकर्मी घायल

इंदौर। जिले के महू में एक तेंदुए ने बुधवार दोपहर वन विभाग की रेस्क्यू टीम पर हमला कर दिया। इसमें एक कर्मचारी घायल हो गया है। उसके हाथ में चोट आई है।
दरअसल, महू के पास जानापाव में मंगलवार को एक तेंदुआ ग्रामीणों ने देखा था, जो लंगड़ाकर चल रहा था।
ग्रामीणों ने वीडियो शेयर किया तो वन विभाग ने माना कि तेंदुआ घायल है। उसके पैर में चोट होने से चलने में दिक्कत है। इसके चलते उसकी सर्चिग की गई तो वह उसी क्षेत्र में बुधवार को मिल गया।
एक्सपर्ट ने सलाह दी कि इसे रेस्क्यू करके लाना होगा और इलाज करना होगा।
वन विभाग अधिकारी ने कहा कि घायल तेंदुए के रेस्क्यू के लिए इंदौर से टीम आई थी। जैसे ही तेंदुआ ट्रेस हुआ उसे ट्रेंकुलाइज करने के लिए शॉट गन से पोजिशन ली जा रही थी, तभी उसने वनकर्मी सोहनलाल पर झपट्टा मारकर दिया। सोहन के हाथ में तेंदुए के दांत लग गए। हालांकि, तेंदुए को बेहोश कर लिया गया। उसे इंदौर जू में रखा जाएगा। इलाज के बाद वापस जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
बताया गया कि जानापाव में पंच मुखी हनुमान मंदिर के पास बीते तीन दिनों से तेंदुए का मूवमेंट था। इसके घायल होने की जानकारी लगते ही बुधवार दोपहर उसका रेस्क्यू किया गया।
सूचना मिलने पर इंदौर से डीएफओ, रेंजर और डॉक्टर सहित पूरी टीम पहुंच गई थी।
डीएफओ महेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि मंगलवार को पिंजरा लगाया पर सफलता नहीं मिली। आज बुधवार को तेंदुए का रेस्क्यू किया गया है। उसके पैर में चोट लगी है। इंदौर जू में उसका इलाज किया जाएगा।
दरअसल, जानापाव के जंगल में 7 दिन पूर्व मादा तेंदुए की फंदे में फंसने से तड़प-तड़पकर मौत हो गई थी। इसके बाद उसी इलाके में एक और घायल तेंदुए का मूवमेंट ग्रामीणों ने देखा। जिसके बाद वन विभाग की टीम ने यहां पर सचिंग शुरू की थी।
उधर, दोपहर को इंदौर के प्राणी संग्रहालय में एक मृत तेंदुए को जानापाव से लाया गया।
प्रभारी डॉ. उत्तम यादव ने बताया कि उसकी उम्र 7-8 साल की है। बॉडी की हालत बहुत खराब है। उसके सिर और पैर में कीड़े हो गए हैं। चेस्ट में भी काफी पस है। पोस्टमॉर्टम करने के बाद ही सही कारणों का पता चल सकेगा।

 

Next Post

एमपी बोर्ड ने जारी किये 10वीं एवं 12वीं के परिणाम, मंडला की अनुष्‍का अग्रवाल 10वीं और रीवा की अंकिता मिश्रा व विदिशा की मुस्कान दांगी 12वीं के बनी टॉपर

भोपाल। मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं एवं 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। मंडला की अनुष्का अग्रवाल ने 10वीं में टॉप किया है। अनुष्का को 495 अंक मिले हैं। वही, रीवा की अंकिता मिश्रा व विदिशा की मुस्कान दांगी ने 12वीं में टॉप किया है। बता दे […]