दमोह। शहर के निजी मिशन अस्पताल में लंदन के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. एनजोन केम के नाम से किसी फर्जी डॉक्टर के ऑपरेशन का आरोप लगा है।
आरोप है कि दिसंबर 2024 से फरवरी 2025 के बीच हुए इन ऑपरेशनों के बाद सात लोगों की जान चली गई। मौतों का ये मामला अब सामने आया है।
बताया गया कि मामला दो महीने से जांच में था, लेकिन इसकी जानकारी किसी को नहीं थी।
राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो द्वारा किए एक पोस्ट के बाद हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक दिसंबर 2024 से फरवरी 2025 के बीच हुए इन ऑपरेशनों में सात मरीजों की मौत हुई है। आरोप है कि जिन लोगों की मौत हुई उनकी जानकारी नहीं दी जा रही है।
मामले में एक मृत महिला के बेटे नबी कुरैशी ने बताया उनकी मां का ऑपरेशन हुआ, लेकिन वह जिंदा नहीं लौटी। उनकी मौत हो गई। पीड़ित ने कई आरोप अस्पताल प्रबंधन पर लगाए।
वहीं, अस्पताल प्रबंधक पुष्पा खरे का कहना है मामले की जांच चल रही है। वह इसमें कुछ नहीं बोलेंगी। उनसे जो दस्तावजे मांगे गए हैं वह उपलब्ध करा रही हैं।
जानकारी के मुताबिक मामले का खुलासा होने के बाद आरोपी डॉ. नरेंद्र यादव फरार हो गया है।
वही, राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग ने घटना को गंभीरता से लिया है। आयोग की दो सदस्यीय टीम सोमवार को दमोह आएगी। इसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाल कल्याण समिति अध्यक्ष दीपक तिवारी ने मानवाधिकार आयोग से शिकायत की, तब जाकर मामला खुला।
कलेक्टर सुधीर कोचर बोले कि मामले की जांच चल रही है। वहीं मिशन अस्पताल प्रबंधक पुष्पा खरे का कहना है कि जांच चल रही है वह इसमें कुछ नहीं बोल पाएंगी। सीएमएचओ डॉ. मुकेश जैन से बात की गई तो उन्होंने भी कहा कि अभी वह इस मामले में कुछ नहीं कहेंगे, क्योंकि मामले की जांच चल रही है।

