दतिया। जिले के जिगना थानांतर्गत ग्राम बनवास में शनिवार रात हुई गोलीबारी में जहां एक महिला की मौत हो गई, वहीं के युवती गंभीर रूप से घायल है।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस में मृतका का शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घटना शनिवार देर रात की बताई जाती है।
मामले में गांव के सरपंच सहित 13 लोगों को नामजद किया गया है।
गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए रविवार को पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र मिश्रा भी बनवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मौका मुआयना कर पुलिस को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
जानकारी के मुताबिक ग्राम वनवास निवासी रतिराम यादव का शराब पीने के दौरान घटना से एक दिन पूर्व शुक्रवार शाम गांव के सरपंच अरविंद यादव के भाई रविन्द्र से विवाद हो गया था। मौके पर मौजूद लोगों ने उस समय तो दोनों को शांत करा दिया, लेकिन गुस्से में भरे बैठे रविंद्र ने यह सारी बात अपने भाई सरपंच अरविंद को बताई। जिस पर वह भड़क गया।
पुलिस के मुताबिक सरपंच अरविंद यादव इसी बात से नाराज होकर अपने साथियों के साथ शनिवार रात रतिराम के घर पहुंचा और विवाद करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि अरविंद ने फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान गोली रतिराम की बहु अहिल्या के सीने में लगी। जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक गोली लगने से उसकी भतीजी प्रियंका घायल हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र मिश्रा का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों के संबंधित ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है।


