कलेक्ट्रेट कर्मचारी की पोस्ट से छतरपुर में मचा बवाल, कलेक्टर ने जारी किया नोटिस

छतरपुर। पिछले दिनों आईएएस संतोष वर्मा द्वारा दिए गए विवादित बयान का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि अब छतरपुर कलेक्ट्रेट के एक कर्मचारी की सोशल मीडिया पोस्ट ने नया बवाल खड़ा कर दिया।
आरोप है कि कलेक्ट्रेट के कर्मचारी ने सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्ट डाली, जिसमें देवी-देवताओं और ब्राह्मण समाज से जुड़ी कथित आपत्तिजनक बातें लिखी थीं।
इस पोस्ट के विरोध में ब्राह्मण समाज और हिंदू संगठनों ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर उग्र प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा।
एड. रवि पाण्डेय ने बताया कि छतरपुर कलेक्ट्रेट की निर्वाचन शाखा में पदस्थ कर्मचारी संतोष वर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली है, जिसमें हिंदू देवी-देवताओं से संबंधित कथित आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं। इससे न केवल ब्राह्मण समाज, बल्कि समस्त हिंदू धर्मावलंबियों की भावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन इस आपत्तिजनक पोस्ट पर ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं करता है, तो वे न्यायालय में परिवाद दायर करेंगे। हिंदू समाज के अन्य लोगों ने भी इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने बताया कि निर्वाचन शाखा में पदस्थ कर्मचारी संतोष वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर एक आपत्तिजनक पोस्ट डाली थी, जिसे बाद में हटा लिया गया है। मामले की जांच जारी है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विवाद बढ़ने पर जिला प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।

 

Next Post

48 घंटे तक उपवास कर ट्रेन चलाएंगे 5500 लोको पायलट, किलोमीटर भत्ता बढ़ाने की मांग को लेकर हड़ताल

भोपाल। ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन (एआईएलआरएसए) ने किलोमीटर भत्ते में 25 फीसदी बढ़ोतरी की मांग को लेकर मंगलवार (2 से 4 दिसंबर) तक भोपाल, जबलपुर व कोटा सहित देशभर के लोको पायलट 48 घंटे की भूख हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान लोको पायलट बिना कुछ खाए ट्रेनें चलाएंगे। […]