वैकुंठ चतुर्दशी पर आज रात होगा हरि-हर का मिलन, आज अर्ध रात्रि धर्मधानी में होगा यह भव्य आयोजन, महाकाल को तुलसी, गोपाल जी को देंगे बिल्व पत्र की माला

उज्जैन। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में वैकुंठ चतुर्दशी पर निकलने वाली सवारी की तैयारियां पूरी हो गई हैं। आज मध्य रात्रि भगवान महाकाल एवं गोपालजी का मिलन होगा। गोपाल जी को बिल्व पत्र तो महाकाल भगवान को तुलसी की माला अर्पित की जाएगी। देर रात सवारी पुन: महाकाल मंदिर पहुंचेगी।
मान्यता के अनुसार वामन अवतार के समय भगवान विष्णु ने राजा बलि को उनका आतिथ्य स्वीकार करने का वचन दिया था। धर्मशास्त्र की मान्यता के अनुसार उसी वचन को निभाने के लिए भगवान विष्णु चातुर्मास के चार माह पाताल लोक में राजा बलि के यहां अतिथि बनकर व्यतित करते हैं, इस दौरान सृष्टि के संचालन का भार भगवान शिव के हाथ में रहता है।
देव प्रबोधिनी एकादशी पर चातुर्मास का समापन होता है और भगवान विष्णु पुन: वैकुंठ पधारते हैं। इसके तीन दिन बाद भगवान शिव वैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान श्री हरि विष्णु को पुन: सृष्टि का भार सौंपने गोलोक जाते हैं। हर के हरि से मिलने जाने के इसी धर्म प्रसंग को हरि हर मिलन कहा जाता है।
ज्योतिषाचार्य पं. अमर डब्बावाला के मुताबिक श्री शिव महापुराण व विष्णु पुराण के अनुसार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी व चतुर्दशी के संधी काल में हरि हर मिलन की मान्यता है। इसलिए मध्य रात्रि में हरिहर मिलन का यह प्रभाव मुख्यतः अवंतिका तीर्थ क्षेत्र पर ज्यादा दिखाई देता है।
हालांकि, संपूर्ण पृथ्वी पर हरि हर मिलन की यह मध्य रात्रि सभी पुराणों में आंशिक रूप से विद्यमान है। किंतु, अवंतिका तीर्थ पर इसका प्रभाव इसलिए विशेष हो जाता है। क्योंकि, यहां पर ज्योतिर्लिंग और भगवान नारायण के प्रकट स्थलों के रूप में सप्त सागर व नौ नारायण विद्यमान हैं। इस दृष्टि से यहां की मान्यता विशेष है।
महाकाल मंदिर के पं. महेश पुजारी ने बताया सिंधिया देव स्थान ट्रस्ट के श्री द्वारकाधीश गोपाल मंदिर में हरि हर मिलन की परंपरा सौ साल से पुरानी है। सिंधिया स्टेट के समय से ही इसका निर्वहन किया जा रहा है। यहां मध्य रात्रि 12 बजे हरि हर मिलन कराया जाता है। पूजा अर्चना के उपरांत रात्रि 2 बजे भगवान महाकाल की सवारी गोपाल मंदिर से पुन: महाकाल के लिए रवाना होती है।

 

Next Post

वोटिंग के बाद देर रात गोहटा के दलित बस्ती में उपद्रवियों ने मचाया जमकर उत्पात, दलितों के कच्चे घरों में लगाई आग, ट्रांसफार्मर व बिजली के पोल तोड़े, पीसीसी चीफ ने सत्ताधारी पार्टी को लिया आड़े हाथ

श्योपुर। जिले के विजयपुर में विधानसभा उपचुनाव की वोटिंग खत्म होने के बाद भी बवाल थमता हुआ नजर नहीं आया। बुधवार देर रात गोहटा गांव में करीब 200 दबंगों ने दलित बस्ती में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान पहले पथराव किया फिर 4 कच्चे घरों, ट्रांसफार्मर और 4-5 बिजली पोल […]