पांचवीं और आठवीं की पुन: परीक्षा के ऑनलाइन मिलेंगे पेपर, परीक्षा केंद्र पर ही करने होंगे प्रिंट

इंदौर। पांचवीं व आठवीं की पुन: परीक्षाएं तीन से आठ जून तक आयोजित की जाएंगी।
पहली बार पूरक परीक्षाओं के पेपर ऑनलाइन केंद्र पर ही भेजे जाएंगे। यहां प्रिंटर से प्रिंट निकालकर परीक्षार्थियों को देने होंगे।
बता दें कि अप्रैल में पांचवीं और आठवीं की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम जारी हुए थे। इसमें जिले में पांचवीं में चार हजार 100 और आठवीं में तीन हजार 227 परीक्षार्थी एक या इससे अधिक विषय में फेल हो गए हैं।
परीक्षा में ऐसे जिन्होंने फार्म तो भरा था, पर परीक्षा में एक भी पेपर नहीं दे पाए थे, वो भी शामिल हो पाएंगे।
जिला परियोजना समन्वयक शांता स्वामी भार्गव ने बताया कि राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा जारी आदेश के अनुसार अनुपस्थित और फेल हुए परीक्षार्थियों को दोबारा मौका दिया जाएगा।
इसके लिए तीन से आठ जून तक पुन: परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में पांचवीं और आठवीं से करीब दस हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा इंदौर जिले के सभी जन शिक्षा केंद्रों पर सुबह नौ से 11.30 बजे तक होगी।
इस बार पांचवीं में 51 हजार 702 परीक्षार्थियों ने फार्म भरा था, जिसमें से 50 हजार 396 ने परीक्षा दी थी। 46 हजार 296 पास हुए। चार हजार 100 परीक्षार्थी एक या इससे अधिक विषय में फेल हो गए थे। 1308 परीक्षा देने से चूक गए थे।
वही, आठवीं में 48 हजार 290 परीक्षार्थी ने फार्म भरा था। 46 हजार 628 ने परीक्षा दी थी। 43 हजार 401 परीक्षार्थी पास हुए थे और तीन हजार 227 परीक्षार्थी एक या इससे अधिक विषय में फेल हो गए थे। 1662 परीक्षार्थियों ने परीक्षा नहीं दी थी।

 

Next Post

वन क्षतिपूर्ति के बदले वन विभाग को दी जाने वाली भूमि और राशि अब वापस ले सकेंगे उद्योग

भोपाल। वन क्षतिपूर्ति के बदले में कैम्पा फंड के अंतर्गत वन विभाग को दी जाने वाली भूमि और पौधारोपण की राशि अब निवेश करने वाली कंपनियां वापस ले सकेंगी। इसके लिए वन विभाग नई नीति बना रहा है। इससे मध्य प्रदेश में निवेश करने वाली उन कंपनियों को लाभ होगा […]