शराब कारोबारियों के ठिकानों पर ईडी की छापमारी कार्रवाई, बैंक डिटेल और कम्प्यूटर हार्डडिस्क जब्त

जबलपुर। फर्जी चालान लगाकर करोड़ों की शराब गोदाम से दुकान में ले जाने और बेचने वाले शराब ठेकेदारों के घर और दफ्तर में ईडी ने छापेमारी कार्रवाई को अंजाम दिया। ईडी की छापेमारी कार्रवाई सोमवार सुबह जबलपुर सहित इंदौर और भोपाल में की गई।
जबलपुर में शराब ठेकेदार जायसवाल व चौकसे ग्रुप के घर और दफ्तरो में प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने अपनी आमद दी है।
शराब ठेकेदारों के तार इंदौर और भोपाल के शराब कारोबारियों से जुड़े हैं। जांच दल ने मौके से शराब ठेके से जुड़े दस्तावेज, बैंक डिटेल और कम्प्यूटर हार्ड डिस्क व लैपटॉप जब्त किया है। हालांकि जांच दोपहर को भी जारी रही।
इधर, कार्रवाई की जानकारी जबलपुर में जंगल की आग की तरह फैली और आबकारी विभाग के अधिकारी से लेकर ठेकेदारों तक हड़कंप मच गया।
बता दे कि जिले में करीब 130 से ज्यादा शराब दुकानें हैं, जिनका मार्च में ही करीब एक हजार करोड़ से ज्यादा का नया ठेका हुआ है।
सूत्रों के अनुसार डीई के अधिकारी रात में ही जबलपुर पहुंच गए थे और उन्होंने जायसवाल और चौकसे समेत कई ठेकेदारों के यहां छापेमारी की। उनके घर और ठिकानों पर सुबह जांच दल पहुंचा।
जानकारी के मुताबिक 08 अगस्त 2017 में इंदौर के रावजी पुलिस स्टेशन में एक एफआईआर 172/2017 दर्ज की गई थी। जिसमे ईडी ने आबकारी विभाग से आंतरिक जांच के आधार पर दर्ज प्राथमिकी के संबंध में विवरण उपलब्ध कराने को कहा था।
इस संबंध में ईडी ने एक पत्र लिखा, जिसमें उल्लेख किया गया था कि शराब ठेकेदारों से वसूली गई राशि, यदि कोई हो तो उसका विवरण उपलब्ध कराएं।
सूत्रों की मानें तो वर्ष 2017 में यह पूरा प्रकरण सामने आया, जिसमें फर्जी चालान लगाने के प्रमाण मिले। ठेकेदारों ने आबकारी अधिकारियों की मिलीभगत से शासन को लगभग 71 करोड़ रुपए की चपत लगाई है।
बता दे कि इंदौर जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय में वर्ष 2015 से 2018 के बीच सरकारी गोदाम से शराब लेने के लिए इस्तेमाल हुए 194 बैंक चालानों में गड़बड़ी सामने आई थी। इसमें एक हजार के चालान में दो जीरो बढ़ाकर लाख कर किया और फिर उस चालान से ठेकेदारों ने गोदामों से उतनी ही राशि की शराब ली थी।
वही ईडी की एक अन्य टीम ने इंदौर और भोपाल में छापेमारी की गई है। इनमें शराब ठेकेदार एमजी रोड समूह के अविनाश और विजय श्रीवास्तव, जीपीओ चौराहा समूह के राकेश जायसवाल, तोपखाना समूह के योगेंद्र जायसवाल, बायपास चौराहा देवगुराड़िया समूह राहुल चौकसे, गवली पलासिया समूह सूर्यप्रकाश अरोरा, गोपाल शिवहरे, लवकुश और प्रदीप जायसवाल के ठिकानों पर छापे पड़े हैं।

 

Next Post

एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का अनिश्चित कालीन हड़ताल सातवे दिन भी रहा जारी

डिंडोरी। अपनी जायज 8 सूत्रीय मांगों को लेकर एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ द्वारा अनिश्चित कालीन हड़ताल सातवे दिन भी जारी रहा। वही, संविधा स्वास्थ्य कर्मियों की अनिश्चित कालीन हड़ताल के चलते जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलो में स्वास्थ सेवा बेपटरी होती जा रही है। बता दे कि प्रदेश भर […]