इंदौर। ओमेक्स सिटी की मैनेजर संध्या शर्मा पर हुए जानलेवा हमले के मामले में दवा व्यापारी मनीष वाधवानी सहित पांच को पुलिस ने पकड़ा है।
पुलिस का दावा है कि मनीष ने ही तीन लाख रुपये में हत्या की सुपारी देकर गुंडे अमन से हमला करवाया था। पुलिस ने बाइक, चाकू बरामद कर लिए हैं।
अन्नपूर्णा पुलिस के अनुसार सोमवार रात स्कीम-71 निवासी संध्या शर्मा पर अज्ञात बदमाश ने जानलेवा हमला कर दिया था। उस वक्त ओमेक्स सिटी की मेंटेनेंस मैनेजर संध्या जिम से वर्क आउट कर घर जा रही थी।
पुलिस ने इस मामले में ओमेक्स सिटी निवासी 52 वर्षीय मनीष वाधवानी सहित अमन गोस्वामी निवासी रमाबाई नगर बंगाली चौराहा, अर्जुन उर्फ दुर्लभ राजपूत निवासी भमोरी (विजय नगर), साहिल सिंह चौहान निवासी गौरीनगर और विक्रम साहू को गिरफ्तार कर लिया।
संध्या पर अमन गोस्वामी ने हमला किया था। उसे मनीष से हत्या की सुपारी मिली थी।
बता दे कि अमन किशोर अवस्था में भी हत्या कर चुका है। उसने संध्या के सीने में चाकू मारे और साथी अर्जुन व साहिल के साथ बाइक से फरार हो गया।
अन्नपूर्णा थाना प्रभारी अजय नायर के मुताबिक मनीष ओमेक्स सिटी में रहवासी संघ का अध्यक्ष रहा है। रहवासियों के साथ मिलकर संध्या के खिलाफ शिकायतें करता था। संध्या ने रहवासियों का दूसरा धड़ा तैयार कर मनीष को अध्यक्ष पद से हटवा दिया। इस बात पर विवाद हुआ और लसूड़िया थाने में शिकायतें भी की गई। आरोप है कि मनीष वाधवानी ने अपमान का बदला लेने के लिए तीन लाख रुपये में संध्या की हत्या की सुपारी दे दी।
मनीष वाधवानी का दवा का होलसेल का व्यवसाय है। उसने ओमेक्स सिटी निवासी विक्रम साहू से चर्चा की और तीन लाख रुपये में सुपारी दे दी। विक्रम ने साहिल को काम सौंपा। साहिल ने अर्जुन से बात कर ली। इसके बाद अमन को ठेका दिया गया। अर्जुन से अमन की दोस्ती है। दोनों बाल सुधारगृह में साथ में रहे हैं। उसने दस हजार रुपये में हमले का जिम्मा सौंपा। अर्जुन ने महिला का फोटो और गाड़ी के नंबर भी दिए। आरोपियों ने बताया कि मनीष भी साहिल के साथ रेकी करने आया था। पहले घर के आसपास हमले की साजिश थी। लेकिन जैसे ही जिम की जानकारी मिली आरोपियों ने जिम के आसपास की रेकी कर ली।


