भोपाल। रातीबड़ के केरवा रोड पर एक तेज रफ्तार एसयूवी डिवाइडर से भिड़ गई। इस हादसे में 11वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई और एक युवक घायल है।
हादसे के समय छात्र दोस्तों के साथ घूमने निकला था।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रातीबड़ थाने के उपनिरीक्षक नंद किशोर ने बताया कि मूलत: बेगमगंज रायसेन का रहने वाला 18 वर्षीय समर्थ श्रीवास्तव अपने परिजनों के साथ साकेत नगर बागसेवनिया में रहता था। वह अपने तीन दोस्तों के साथ घूमने के लिए मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात निकला था। वे सभी अथर्व कटारे नाम के दोस्त की एसयूवी में सवार थे। घूमने के बाद वह रातीबड़ की तरफ जा रहे थे। जैसे ही स्टेट डेयरी के आगे निकले, तो मोड पर डिवाइडर में जाकर उनकी एसयूवी टकराई। टक्कर होते ही एसयूवी के एयरबैग खुल गए। इसके बावजूद समर्थ श्रीवास्तव को अंदरूनी गंभीर चोट लगी। इससे वह बेहोश हो गया था।
एसआइ नंद किशोर ने बताया कि परिवार में समर्थ के साथ अलावा उसकी एक बहन भी है। उसके पिता निजी काम करते हैं। वह अपने पूरे परिवार के साथ साकेत नगर बागसेवनिया में रह रहा था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, बेटे की मौत के बाद परिजन सदमें हैं।
हादसे की जांच कर रही पुलिस के सामने इस हादसे में एक अहम बिंदु सामने आया है कि हादसे का कारण तेज रफ्तार तो है ही, इसके अलावा डिवाइडर मोड पर बीचोंबीच बना दिया गया है। उससे भी हादसे हो रहे हैं। वाहन चालक की नजर चूकने पर वाहन सीधे डिवाइडर से जाकर टकराता है।


