सिवनी। शहर के सुभाष वार्ड में में रहने वाले 6 और 9 वर्षीय सगे भाइयों केा अपहरण कर गला रेतकर हत्या कर दी गई। दोनों मंगलवार शाम से लापता थे। इनके शव घर से करीब 13 किमी दूर अंबा माई के जंगल में मिले। शव को छिपाने के लिए आसपास और ऊपर पत्थर रख दिए गए थे।
कोतवाली थाना प्रभारी किशोर वामनकर ने बताया कि सुभाष वार्ड में रहने वाली पूजा ढाकरिया (30) ने मंगलवार शाम को अपने बेटों मयंक ढाकरिया (9) और दिव्यांश (6) के गुम होने की शिकायत की थी। महिला ने बताया था कि शाम 5 बजे वह घरों में काम करने गई थी, तब दोनों बच्चे घर में थे। रात 8 बजे वह लौटी तो दोनों गायब थे। रात 11 बजे तक इंतजार किया, लेकिन जब वे नहीं आए तो थाने में सूचना दी। इसके बाद बच्चों की सर्चिग की गई। दूसरे दिन दोपहर करीब 2 बजे दोनों बच्चों के शव अंबा माई के जंगल में मिले।
कोतवाली टीआई किशोर वामनकर के मुताबिक कोतवाली और डूंडा सिवनी पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में भी लिया है। पकड़ा गया संदिग्ध बच्चों की मां का ही कोई परिचित है। उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम के जरिए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।


