जबलपुर। शहर के सुभाष नगर झंडा चौक स्थित एक मकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मकान में रखे दो गैस सिलेंडर को भी चपेट में ले लिया। दो गैस सिलेंडर में इतना जोरदार विस्फोट हुआ कि आस-पास रहने वाले लोग भी सहम गए। क्षेत्र में अफरा-तफरा मच गई।
बता दे कि सोमवार की अल सुबह कच्चे मकान में लगी आग और फिर गैस सिलेंडर में हुए धमाके से आस-पास रहने वालों में चीख-पुकार मच गई। आस-पास रहने वाले रहवासी भी घरों से भागकर बाहर आ गए।
कुछ देर बाद ही मकान में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं के गुबार से क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा। आनन-फानन में क्षेत्रीय रहवासियो ने रांझी पुलिस और नगर निगम के दमकल विभाग को सूचना दी।
आग की सूचना मिलते ही दो दमकल वाहन रवाना किए गए। नगर निगम के दमकल कर्मियों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। लेकिन तब तक मकान में रखा गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस आग लगने की जांच कर रही है।
क्षेत्रीय रहवासियो के अनुसार जिस मकान में आग लगी वह कृष्णा गोहल का बताया जा रहा है। जिस वक्त मकान में आग लगी उस वक्त मकान में कोई नहीं था। परिवार मकान में ताला डालकर कटनी गया हुआ था।
नगर निगम के दमकल शाखा के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि उसे काबू करने में ही ढाई घंटे का समय लग गया। गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से मकान सहित उसमें रखा गृहस्थी का सामान पूरी तरह से जलकर राख हो गया। आग किन कारणों से लगी ये अज्ञात है। मकान में गैस सिलेंडर रखे थे, आग की चपेट में आने से दो सिलेंडरों में ही विस्फोट हुआ। संभवत: बाकी सिलेंडर खाली थे, वरना रांझी सुभाष नगर विस्फोटों से दहल उठता।
बहरहाल रांझी पुलिस पंचनामा कार्रवाई कर जांच आरंभ कर दी है।

