भोपाल। होली उत्सव के आखिरी दिन रंगपंचमी पर्व शनिवार को राजधानी में उत्साह व उल्लास के साथ मनाया गया।
लोगो ने एक-दूसरे को रंग, अबीर, गुलाल लगाकर रंगपंचमी की शुभकामनाएं दी।
रंगोत्सव के मौके पर आज शहर में आकर्षक चल समारोह भी निकाले गए।
श्री हिन्दू उत्सव समिति के तत्वावधान में चल समारोह पुराने शहर के सुभाष चौक से शुरू हुआ। इसमें नृत्य मंडली के अलावा अनेक झांकियां शामिल हुईं। नए भोपाल में भी चल समारोह निकाले गए।
दोपहर करीब 12 बजे सुभाष चौक से चल समारोह शुरू हुआ, जो लोहा बाजार, छोटे भैया कार्नर, जनकपुरी जुमेराती, सिंधी मार्केट, भवानी चौक सोमवारा, लखेरापुर, पीपल चौक चिंतामन चौराहा, इतवारा चौराहा, मंगलवारा जैन मंदिर रोड, कुंदन नमकीन रोड, घोड़ा नक्कास चौराहे से होते हुए हनुमानगंज मढ़िया पर पहुंचकर संपन्न हुआ। इसमें धर्मध्वजा, डीजे, श्री राधाकृष्ण नृत्य मंडली, दुलदुल घोड़ी, ढ़ोल ताशा पार्टी व आकर्षक झाकियां भी शामिल रहीं। सभी धर्मों के धर्मगुरु सहित बड़ी संख्या में शहरवासी इस चल समारोह का हिस्सा बने।
समारोह में शामिल लोगों पर जगह-जगह रंग-गुलाल उड़ाया गया। टैंकरों से हुरियारों पर रंगों की बरसात की गई।
बता दे कि 80 वर्षों से रंगपंचमी पर चल समारोह निकाला जा रहा है।


