इंदौर। सोमवार शाम महानगर के एयरपोर्ट मार्ग में बेकाबू ट्रक करीब एक किलोमीटर तक मौत बनकर दौड़ा। तेज रफ्तार ट्रक ने कई लोगों और वाहनों को रौदा और टक्कर मारी।
इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, 12 घायलों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ईलाज के दौरान एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई।
मृतकों के नाम इंदौर विकास प्राधिकरण की संपदा शाखा के वरिष्ठ सहायक कैलाशचंद्र जोशी और वैशाली नगर निवासी प्रोफेसर लक्ष्मीनारायण सोनी (47) बताए गए हैं। वहीं, महेश खतवासे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक क्रमांक एमपी 09 जेडपी 4069 ने करीब 15 लोगों को चपेट में लिया। हादसे के दौरान ट्रक में आग लग गई। ट्रक की टक्कर के बाद उसमें एक बाइक फंस गई थी। ट्रक लगातार बाइक को रगड़ते हुए चल रहा था, जिससे उसमें ब्लास्ट हो गया और ट्रक में आग लग गई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताया है। वे इंदौर के अस्पतालों में भर्ती घायलों से मिलने पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर शिवम वर्मा से कहा कि पीड़ितों के इलाज में किसी तरह की कोई कमी न रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पीड़ित संदीप बिजवा और अनिल नामदेव से बात करके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
हादसे को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच के लिए अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है। जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कोशिश करेंगे कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। सुशासन के सिस्टम में कभी-कभी ऐसी घटनाएं हम सभी के लिए पीड़ादायक होती है।
हादसे के दौरान बाइक सवार कैलाश चंद्र जोशी ट्रक के नीचे फंस गए थे। बाइक के रगड़ने से चिंगारी निकली और दोनों गाड़ियों ने आग पकड़ ली। कैलाश चंद्र जोशी के कपड़ों में भी आग लग गई। जलती हालत में उनको को लोगों ने बाहर निकाला लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
हादसे में घायल रिक्शा चालक अनिल कोठार ने बताया कि सीएम मोहन यादव ने उसके ईलाज के लिए एक लाख देने की बात कही है। वहीं, हादसे में अनिल कोठार ने कई लोगों की जान बचाई है। इसके लिए उसे 26 जनवरी पर सम्मान करने की बात कही है।
इधर, प्रदेश के अति. मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला ने घटना स्थल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली।
12 घायलों में से गीतांजली अस्पताल में 6, वर्मा यूनियन अस्पताल में 2, बांठिया अस्पताल में 2, अरबिंदो अस्पताल में एक और भंडारी अस्पताल में एक व्यक्ति को भर्ती कराया गया है। 2 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इनमें से चार अशोक कुमार गोपलानी, काजल देवी गोपलानी, अंकिता डूडानी और संवेद डूडानी एक ही परिवार के सदस्य हैं।
पुलिस के मुताबिक, ट्रक जैन ट्रांसपोर्ट का है। यह सांवेर रोड से गत्ते लेकर निकला था। ट्रक को पोलो ग्राउंड पहुंचना था, लेकिन ड्राइवर रास्ता भूलकर सुपर कॉरिडोर से एयरपोर्ट की तरफ आ गया।
शाम के समय शहर में ट्रकों की एंट्री बैन रहती है। ऐसे में ये ट्रक नो एंट्री में घुस गया। कालानी नगर में पुलिस ने इसे रोकने की कोशिश की थी, लेकिन ड्राइवर रफ्तार बढ़ाकर ट्रक को लेकर भागा।
हादसे के बाद घायलों का हालचाल जानने और उनके इलाज की मॉनिटरिंग करने के लिए कलेक्टर शिवम वर्मा खुद अस्पताल पहुंचे। अरविंदो अस्पताल में भर्ती एक बच्ची को देख कलेक्टर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यह मेरी बेटी है।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने सभी घायलों के इलाज के लिए डॉक्टरों से बात की। मौके पर मौजूद सभी परिजन को बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें सीधे निर्देश दिया है कि घायलों की हरसंभव मदद हो।
इंदौर जोन-1 के डीसीपी कृष्णा लालचंदानी ने बताया कि ड्राइवर शराब के नशे में था। उसे पकड़ लिया गया है। ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


