रीवा। जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र से पुलिस की लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है। पुलिस वैन में हथकड़ी लगाए बैठे दो अपराधियों ने गानों पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी, जिससे न केवल पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं, बल्कि आमजन में सुरक्षा को लेकर चिंता भी गहराने लगी है।
वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि दो आरोपी हथकड़ी में होने के बावजूद बेहद सहजता से मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए एक फिल्मी गाने पर रील बना रहे हैं।
यह पूरा घटनाक्रम उस समय का बताया जा रहा है जब पुलिस वाहन उन्हें कहीं ले जा रही थी। अपराधियों के साथ पुलिसकर्मी भी वाहन में सवार थे, जो इस पूरी हरकत के दौरान मौजूद थे, लेकिन उन्होंने न तो कोई आपत्ति जताई और न ही मोबाइल जब्त किया।
वीडियो के सामने आने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि आरोपी न केवल हिरासत में मोबाइल फोन रखने में सफल रहे, बल्कि उन्होंने पुलिस की आंखों के सामने सोशल मीडिया पर डालने के लिए वीडियो भी शूट कर लिया। पुलिस हिरासत में मोबाइल का होना सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर सेंध का संकेत है, जिससे स्पष्ट होता है कि नियमों की अनदेखी अब एक आम चलन बनती जा रही है।
घटना का वीडियो सामने आते ही रीवा पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए। उन्होंने बताया कि दोषी पुलिसकर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा और इस प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।


