सीधी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2014 में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते ही भारतवासियों का गौरव और सम्मान विश्व मानस पटल पर बड़ा है। पहले हमारी सीमाएं असुरक्षित हुआ करती थी, हमारे सैनिक विवश हुआ करते थे। किंतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनते ही, सेना को खुली छूट दी गई और सीमा पार आतंकवाद समाप्त हुआ। आज पाकिस्तान जैसे देश घुटने के बल बैठे हैं।
उक्त आशय के विचार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजेश मिश्रा के चुनाव प्रचार में विजय दिलाने के आह्वान के साथ सीधी लोकसभा संसदीय क्षेत्र के चुरहट विधानसभा के हनुमानगढ़ में आयोजित विशाल जनसभा भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान की अध्यक्षता में कहीं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में हमारे सैनिकों के सर आतंकवादी काटकर पड़ोसी देश में ले जाया करते थे, किंतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में सिर काटकर ले जाने की बात तो बहुत दूर, अब एक फटाका भी फूटता है तो पाकिस्तान पहले ही दोनों हाथ जोड़कर घुटनों के बल बैठकर विश्व पटल पर चिल्लाता है कि हमने कुछ नहीं किया। हमने कुछ नहीं किया। यह आपके एक-एक वोट की ताकत का कमाल है। सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए कहा कि हम झुकने वाले नहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का सैनिक आंखों में आज डालकर बात करता है। किसी ने कुछ गड़बड़ की तो घर में घुसकर मारते हैं।
भाजपा में सच्चा लोकतंत्र
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में सच्चे अर्थों में लोकतंत्र है। यहां वंशवाद और परिवारवाद की कोई जगह नहीं है। मुझे जैसा एक साधारण सा कार्य करता आज प्रदेश का मुख्यमंत्री है। यह केवल और केवल भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने चुटकी लेते हुए कहा कि मेरी ससुराल विन्ध्य क्षेत्र के रीवा में है। इस नाते आप सभी लोग मेरे ससुराल वाले रिश्तेदार हुए। दोनों हाथ जोड़कर उन्होंने सभी को राम-राम कही।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 5000 वर्ष से पूर्व एक धर्म युद्ध हुआ था, आज भी धर्म युद्ध चालू है। कांग्रेस के राज्य में हिंदू संस्कृति, हिंदू आस्था के चिन्ह और हिंदुओं के मान बिंदुओं से खिलवाड़ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश ने भगवान प्रभु श्री राम जी के मंदिर का शिलान्यास और लोकार्पण, उद्घाटन देखा। आगे की मथुरा की बारी है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आपका एक-एक वोट प्रभु श्री कृष्ण की जन्म भूमि मथुरा के लिए होना चाहिए। आपका एक-एक वोट की ताकत भारत में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को पुनर्स्थापित करेगा और आगे आने वाले दिनों में मथुरा में भी श्री कृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बनेगा।
कांग्रेस ने केवल तुष्टीकरण किया है
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस ने केवल तुष्टीकरण को बढ़ावा दिया है। हमने ट्रिपल तलाक समाप्त कर मुस्लिम बहनों को आजादी दी है और धारा 370 समाप्त कर जम्मू कश्मीर को भारत का अभिन्न हिस्सा बनाया। जो कहते थे कि धारा 370 हटने पर तिरंगा उठाने वाला कोई नहीं मिलेगा। वह आज स्वयं चूहे की तरह बिल में छुपे हुए हैं।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस समय रामनवमी का व्रत और त्योहार हम सब मना रहे हैं। इस दौरान हम सभी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लेना चाहिए, इसके लिए भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजेश मिश्रा को रिकॉर्ड मतों से अपना आशीर्वाद प्रदान कर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूती प्रदान करें और भारत को समृद्धशाली, वैभवशाली, भारतीयता युक्त ,भारत बनाने में अपना अमूल्य सहयोग प्रदान करें ।
इस दौरान बूंदाबांदी के कारण गर्मी कम हुई और लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भाषण के दौरान जय श्री राम, बोलो श्री कृष्ण भगवान की जय जैसे जोरदार उद्घोष हुए।
स्वागत भाषण मध्य प्रदेश के प्रदेश मंत्री एवं चुरहट के पूर्व विधायक शरदेन्दु तिवारी ने किया। जनसभा का संचालन लोकसभा के संयोजक केके तिवारी ने किया। इसके पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान की अगुवाई में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का शानदार स्वागत किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से कैबिनेट मंत्री और क्लस्टर प्रभारी प्रहलाद सिंह पटेल, राज्य मंत्री राधा सिंह, भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं संभागीय संगठन प्रभारी रणवीर सिंह रावत, लोकसभा चुनाव प्रभारी कमलेश्वर सिंह, सीधी विधायक रीती पाठक, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू रामजी सिंह, जनपद अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार, नगर परिषद के अध्यक्ष राम कुमार साहू सहित जिला पदाधिकारी मंडल अध्यक्ष मंडलों के पदाधिकारी मोचन के पदाधिकारी सहित हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।