महिला जज को रजिस्टर्ड डाक से मिला जहर की पुड़िया वाला लिफाफा, शख्स ने पत्र में दी धमकी, कोर्ट में मचा हड़कंप

रतलाम। जिला न्यायलय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक शख्स ने रजिस्टर्ड डाक से महिला जज को संदिग्ध केमिकल भरा लिफाफा और पत्र भेज दिया। इसे खोलते ही जज को घबराहट होने लगी। लिफाफे में एक पत्र भी मिला, पत्र में लिखा है कि यदि मुझे न्याय नहीं मिला तो मैं जहरीली गोलिया खाकर मर जाऊंगा।
जैसे ही यह डाक जिला न्यायलय में संबंधित जज तक पहुंची तो हड़कंप मच गया।
रतलाम जिला न्यायालय में सुबह लगभग 12 बजे न्यायाधीश मुग्धा कुमार की कोर्ट में पोस्टमैन लिफाफा लेकर पहुंचा। कोर्ट कर्मचारी ने लिफाफा लेकर जज को दिया। जज ने जैसे ही लिफाफा खोला, जज को बेचैनी और घबराहट होने लगी।
मामले की सूचना जिला न्यायाधीश राकेश मोहन प्रधान को दी गई। वे अन्य न्यायाधीश के साथ न्यायाधीश मुग्धा कुमार की कोर्ट में पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्टेशन रोड पुलिस को भी बुलवाया गया।
थाना प्रभारी भुवानी राम वर्मा ने कथित जहर की पुड़िया और पत्र जब्त कर इन्हें जांच के लिए भेज कर मामले की जांच प्रारम्भ की तो लिफाफा भेजने वाले की शिनाख्त दशरथ शर्मा निवासी रिंगनीया के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी दशरथ को गिरफ्तार कर लिया है।
अति. पुलिस अधीक्षक राकेश खाका ने बताया कि लिफाफा जब्त कर लिया गया है। लिफाफे में जहरीला पदार्थ था या कुछ और केमिकल था, जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल, कोर्ट कर्मचारी की शिकायत पर स्टेशन रोड थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि दशरथ शर्मा ने अक्टूबर 2023 में नामली थाने में अपने पिता, तीन भाई और उनकी पत्नियों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कराया था।
यह प्रकरण दिसंबर 2023 से न्यायाधीश मुग्धा कुमार की कोर्ट में विचाराधीन है और इस शख्स को आशंका है कि उसे संबंधित मामले में न्याय नहीं मिल रहा है। इससे व्यथित होकर इस शख्स ने यह कदम उठाया है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, स्टेशन रोड थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

 

Next Post

सरकार की जनोन्मुखी योजनाएं समाज के सभी वर्गों के लिए- विश्वामित्र पाठक

सीधी। विकसित भारत संकल्प यात्रा विधानसभा क्षेत्र सिहावल के ग्राम पंचायत कुसेंडा पहुंची। मोदी की गारंटी वाली गाड़ी का ग्रामवासियों द्वारा बड़े ही गर्मजोशी से स्वागत किया गया। आज के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संवाद तथा संदेश का लाइव प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम माँ सरस्वती की […]