सिंहस्थ के लिए जमीन अधिग्रहण के विरोध में किसानो ने श्मशान घाट में पानी के ऊपर खड़े होकर किया प्रदर्शन, किसान बोले कि अपनी स्थाई जमीन नहीं देंगे

DR. SUMIT SENDRAM

उज्जैन। सिंहस्थ के लिए स्थायी कुंभ नगरी बनाने का विरोध तेज हो गया है। किसानों ने चक्रतीर्थ श्मशान घाट में पानी में खड़े होकर प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वही, आगर रोड पर किसानो ने चक्काजाम भी किया।
किसानों का कहना है कि वे सिंहस्थ के लिए स्थायी रूप से जमीन देने को तैयार नहीं है। वे जमीन अधिग्रहण पुरानी योजना के तहत करने की मांग कर रहे थे। प्रशासन की समझाइश के बाद वे माने और प्रदर्शन खत्म किया।
गौरतलब है कि 2028 सिंहस्थ को लेकर उज्जैन में 2378 हेक्टेयर भूमि पर कुंभ नगरी बसाई जाएगी। इसे लेकर सरकार जमीन अधिग्रहण कर रही है।
किसानों का कहना है कि कुंभ के लिए जमीन देंगे, लेकिन स्थायी रूप से नहीं देना चाहते हैं। अधिकांश किसानों के पास कम जमीन है। ऐसे में जमीन अधिग्रहण होने से उनके पास कुछ नहीं बचेगा। जमीन अधिग्रहण की नई योजना में जमीन अधिग्रहण से किसान बर्बाद हो जाएंगे। आंदोलन करने वाले सभी किसान सिंहस्थ भूमि से जुड़े गांवों के हैं।
बता दे कि किसान रामघाट पर जल सत्याग्रह करने वाले थे। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सभी घाटों के रास्तों पर बैरिकेड्स लगा दिए। जिससे किसान और आम श्रद्धालु भी घाटों पर नहीं जा सके। पुलिस की सख्ती के बाद किसान दो धड़ों में बंट गए। एक धड़ा चकमा देकर बड़नगर पुल के दूसरी ओर शिप्रा के चक्रतीर्थ श्मशान घाट पर पहुंच गया और पानी में खड़े होकर प्रदर्शन किया।
वही, किसानों का दूसरा धड़ा अनाज मंडी के सामने पहुंचा और चक्काजाम कर दिया। इससे वहां वाहनों की कतारें लग गई।
प्रदर्शनकारी किसानो ने पुलिस और प्रशासन से साफ कहा कि आप लोगों ने हमारे बुजुर्ग किसानों को आधी रात को घर से उठा लिया है जो गलत है। हम आप लोगों के हाथ जोड़ते हैं उन्हें छोड़ दो तो हम चक्काजाम समाप्त कर देंगे। किसानों ने काफी समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त किया।
बता दे कि किसानों ने जमीन अधिग्रहण को लेकर जल सत्याग्रह का आह्वान किया था। इसे लेकर पुलिस ने शनिवार को ही प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले किसानों के घर में दस्तक देकर हिरासत में ले लिया था। इसे लेकर भी किसान नाराज थे।

 

Next Post

9 महीने की बच्ची के ऊपर गिरी खौलती दाल, अस्पताल पहुंचने के पूर्व ही बच्ची की हुई मौत

रीवा। शहर के बिछिया थानांतर्गत सिलपरा में 9 माह की बच्ची के ऊपर खौलती दाल गिर गई, जिससे बच्ची बुरी तरह से झुलस गई। जिसके बाद आनन फानन में बच्ची को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्ची की माँ […]