मैहर। शहडोल मार्ग से मैहर के रामनगर पहुंचे जंगली हाथी की शुक्रवार अलसुबह 4:30 बजे हाई टेंशन तार में फंसने के कारण मौत हाे गई है।
सूचना मिलते ही कलेक्टर मैहर एवं डीएफओ मौके पर पहुंचे जिसके बाद विद्युत सप्लाई बंद कराई गई।
जानकारी के मुताबिक शहडोल जिले की जंगलों में एक हफ्ते से मूवमेंट कर रहे जंगली हाथियों का दल बीती रात मैहर जिले के रामनगर तहसील अंतर्गत बूढ़ा बाउर ग्राम पंचायत के गांव कुआं पहुंच गया। जहां विद्युत विभाग की हाइट टेंशन के तार में चपेट में आने से एक नर हाथी की मौत हो गई है। अभी क्षेत्र में चार जंगली हाथियों का मूवमेंट बताया जा रहा है।
वही, मुकुंदपुर रेंज की सभी बीट की टीमों को अन्य चार जंगली हाथियों की तलाश के लिए लगाया गया है। जबकि पीएम के लिए पन्ना से डॉ. संजय गुप्ता को मौके पर बुलाया गया है।
वन मण्डलाधिकारी मयंक चाँदीवाल ने बताया कि कुआं गांव के संतोष द्विवेदी के खेत से तार निकला हुआ था। उक्त तार के चपेट में आने से मेल हाथी की मौत हुई है। मौके पर पहुंचने के बाद देखने में पता चला है कि हाथी की सूंड अंदर की ओर से जली है, कहा जा सकता है कि हाथी ने स्वयं ही तार को खींचा होगा।

