इंदौर। मध्यप्रदेश लोकसेवा आयोग (पीएससी) राज्यसेवा प्रारंभिक परीक्षा-2023 की अंतिम उत्तर कुंजी यानी फाइनल आंसरशीट दो दिन के भीतर जारी कर सकता है। 17 दिसंबर को आयोजित हुई परीक्षा के बाद मॉडल आंसरशीट पर आपत्तियां मंगवाने का दौर दिसंबर में ही पूरा हो चुका है।
आपत्तियों के आयोग तक पहुंचने के बाद फाइनल आंसरशीट तैयार करने के लिए आपत्तियां विषय विशेषज्ञों को सौंप दी गई है।
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा की मॉडल आंसरशीट जारी की गई थी। उसके कम से कम 10 प्रश्नों या उत्तरों पर अभ्यर्थियों के बड़े समूह ने आपत्ति ली है।
सूत्रों का कहना है कि ताजा परीक्षा के लिए जो फाइनल आंसरशीट जारी होगी, उसमें भी कम से दो प्रश्नों के डिलीट होने के आसार बन रहे हैं और कुछ जवाब फाइनल आंसरशीट में बदल सकते हैं।
दरअसल, आपत्तियां दर्ज होने के बाद 15 दिन से ज्यादा बीत चुके हैं। इसके बाद भी फाइनल आंसरशीट नहीं आने से अभ्यर्थियों में बेचैनी थी। आंसरशीट जारी करने में हो रही देरी को लेकर वे सवाल खड़े कर रहे थे। पीएससी के ओएसडी रवींद्र पंचभाई का कहना है कि प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अब आखिरी दौर का परीक्षण चल रहा है। विषय विशेषज्ञों द्वारा तैयार की गई फाइनल आंसरशीट दो दिनों के भीतर जारी कर दी जाएगी।
इस बीच पीएससी ने उच्च शिक्षा विभाग के अधीन आने वाली सहायक प्राध्यापक, ग्रंथपाल और क्रीड़ा अधिकारी चयन परीक्षा-2022 की तारीख में परिवर्तन कर दिया है।
चयन परीक्षा अब 3 मार्च को आयोजित की जाएगी। पहले इस परीक्षा के लिए 28 जनवरी निर्धारित की गई थी। हालांकि इस बीच स्टेट इलिजिबिलिटी टेस्ट का रिजल्ट हाल ही में जारी हुआ। सेट में सफल होने वाले अभ्यर्थी मांग कर रहे थे कि उन्हें भी परीक्षा में भाग लेने के लिए अवसर व तैयारी का समय दिया जाए। इस मांग के बाद पीएससी ने परीक्षा की तारीख में लगभग एक माह की वृद्धि करने का निर्णय लिया है।

