उज्जैन। शुक्रवार को शहर के एक बड़े होटल में सनातनी सर्व समाज हिन्दू महिला शक्ति संगठन ने 12 जोड़ो का सामूहिक विवाह सम्मेलन करवाया।
खास बात ये रही कि संगठन से जुड़ी तीन हजार महिलाओं ने अपनी बचत की राशि को सामूहिक विवाह के लिए खर्च कर दिया। इस विवाह सम्मेलन में करीब 40 लाख रुपए का खर्च आया है। जिसमें तीन हजार लोगों के भोजन सहित नव दंपती को दिया गया डेढ़-डेढ़ लाख रुपए का सामान शामिल है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को उज्जैन व आसपास के 12 जोड़ों का सामूहिक विवाह होटल अथर्व में संपन्न हुआ। इस दौरान धूमधाम से बारात निकाली गई। घोड़ों पर दूल्हे और पीछे बग्गी में दुल्हनें बैठी थीं। इससे पहले महिला संगीत, गणेश पूजन से लेकर शादी के सभी कार्यक्रम यहीं पर किए गए।
सर्व समाज महिला शक्ति संगठन की संध्या सोलंकी ने बताया कि सनातनी महिलाओं को एकजुट करने के उद्देश्य से हिन्दू महिला शक्ति संगठन का गठन किया गया था। ऊंच नीच का भेदभाव मिटाने के लिए हमने अलग-अलग जातियों के 12 जोड़ों के सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया। हम सभी ने अपनी बचत में से 1100 से 11000 तक की राशि स्वेच्छा से दी है। सामूहिक विवाह में करीब 40 लाख रुपए के खर्च का अनुमान है। दहेज में करीब डेढ़ लाख रुपए के सोने के मंगल सूत्र, पायल, बिछिया, सोफा, बर्तन कपड़े आदि दिए गए हैं। दूल्हा-दुल्हन के परिवारों और रिश्तेदारों को मिलाकर तीन हजार लोगों को भोजन के लिए आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि लगभग तीन माह से कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। जिसमें मोना शर्मा, कल्पना सुराणा, मोना जैन, चेतना शर्मा, अंजू सुराना, मधु आर्य, दीपाली सोमानी, सुषमा यादव, कविता शर्मा, वंदना तिवारी और कीर्ति मोड़ की विशेष भूमिका रही।

