देवास। जिले के सोनकच्छ थाना क्षेत्र में एक मई की शाम को जामगोद – तालोद के बीच तलाई के पास सेवा सहकारी समिति जामगोद के प्रबंधक के सिर पर डंडा मारकर 17 लाख रुपये लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से कई पर पहले से ही पुलिस प्रकरण दर्ज हैं।
बता दे कि 1 मई को फरियादी सेवा सहकारी समिति जामगोद के प्रबंधक तालोद गांव निवासी हरेन्द्र सिंह पिता सूरज सिंह जामगोद कार्यालय से अपनी बाइक से बैग में 17 लाख 9 हजार रुपये रखकर ग्राम तालोद जा रहे थे। तभी बाइक पर आए तीन अज्ञात बदमाशों ने हरेंद्र के सिर में डंडा मारकर घायल कर रुपयों से भरा बैग लूट कर ले गए।
वारदात की सूचना मिलते ही सोनकच्छ थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे।
मामले में अज्ञात आरोपियों पर लूट का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच में तीन टीमों को लगाया गया था।
इसके बाद कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में इन्होंने अन्य साथियों के नाम बताए थे, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
सोनकच्छ पुलिस के मुताबिक वारदात में शामिल आरोपी बाबा उर्फ महेंद्र सिंह निवासी ग्राम हरनावदा, पंकज पिता बाबू सिंह साहेल निवासी दौलतपुर, राजा उर्फ राजेंद्र पिता दिलीप बागवान निवासी ग्राम गुराडिया हातू, निलेश पिता रमेश सोलंकी, दुर्गेश पिता कमल सरगरा, दीपक पिता पप्पू चौहान को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों के कब्जे से 11 लाख रुपये सहित बाइक, तीन मोबाइल बरामद किए गए हैं। आरोपी बाबा, पंकज पर सोनकच्छ पुलिस थाने पर एवं निलेश, दुर्गेश पर हाटपीपल्या पुलिस थाने में पहले से प्रकरण दर्ज हैं।


