बड़ा खुलासा… झूठी मौतो की साजिश से लूटा सरकारी खजाना

DR. SUMIT SENDRAM

सिवनी। जिले की केवलारी तहसील में एक बड़ा घोटाला प्रकाश में आया है। यहां कुछ लोगों को झूठे तरीके से सांप के काटने जैसी घटनाएं बताकर मृत घोषित कर दिया गया, ताकि सरकार से मिलने वाला 4 लाख रुपये का मुआवजा फर्जी तरीके से लिया जा सके।
कोष और लेखा विभाग के संयुक्त निदेशक रोहित कौशल ने बताया कि जांच में सामने आया है कि अगर किसी की मौत सांप काटने या नदी में डूबने से होती है, तो सरकार की तरफ से मुआवजा दिया जाता है। इसी नियम का गलत फायदा उठाकर कई फर्जी मौतों के दस्तावेज तैयार किए गए और कोषालय से पैसे निकाल लिए गए। यह सब एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया। जांच अधिकारियों के मुताबिक, यह फर्जीवाड़ा साल 2019 से 2022 के बीच किया गया है। इस दौरान 47 अलग-अलग लोगों के बैंक खातों में करीब 11 करोड़ रुपये का मुआवजा जमा कराया गया। ये रकम गलत तरीके से सांप के काटने या हादसों से हुई नकली मौतों के नाम पर ली गई।
गौरतलब है कि सिवनी जिले के मलारी गांव के संत कुमार बघेल को सरकारी रिकॉर्ड में मरा हुआ दिखाया गया है, जबकि वे जिंदा हैं।
75 वर्षीय संत कुमार बताते हैं कि उन्होंने खुद ये सुना कि उनके नाम पर लाखों रुपये का मुआवजा लिया गया है, जबकि उन्हें इसका कुछ नहीं मिला। उन्होंने सरकार से मांग की है कि ऐसे झूठे मामलों की कड़ी जांच हो और दोषियों को सजा मिले, ताकि भविष्य में कोई इस तरह की धोखाधड़ी न कर सके। संत कुमार आज भी 75 साल की उम्र में जीवित हैं।
ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां एक ही व्यक्ति को बार-बार मरा हुआ बताकर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाए गए और सरकार से मुआवजा लिया गया। जैसे कि द्वारका बाई नाम की महिला के नाम पर 28 बार मुआवजा लिया गया, जबकि गांव के लोगों और सरपंच के मुताबिक इस नाम की कोई महिला गांव में कभी रही ही नहीं। श्रीराम नाम के व्यक्ति के नाम पर भी फर्जी तरीके से मौत दिखाई गई, जबकि, जामुनपानी गांव के लोगों का कहना है कि उनके गांव में इस नाम का कोई नहीं रहता।
इसी तरह सुकतारा गांव में एक व्यक्ति विष्णु प्रसाद के नाम पर भी मुआवजा लिया गया, जबकि गांव वालों ने बताया कि ऐसे नाम का कोई व्यक्ति वहां कभी नहीं रहा।
इन घटनाओं से साफ है कि फर्जी नाम और झूठी मौतों के आधार पर करोड़ों का मुआवजा लिया गया।
अब सवाल ये है कि सरकारी रिकॉर्ड में इतनी बड़ी गड़बड़ी आखिर कैसे हुई और इसमें किन अधिकारियों की मिलीभगत रही।

 

Next Post

तेज रफ़्तार कार ने दो छात्राओं में टक्कर मार कर उड़ाया, हवा में छात्राए उछली

रतलाम। शहर के जावरा में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार दो छात्राओं को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों छात्राएं हवा में उछलकर सड़क गिर पड़ा। शनिवार दोपहर 12 बजकर 9 मिनट पर हुए इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है। हादसे के बाद कार […]