रतलाम। शहर के जावरा में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार दो छात्राओं को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों छात्राएं हवा में उछलकर सड़क गिर पड़ा।
शनिवार दोपहर 12 बजकर 9 मिनट पर हुए इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है।
हादसे के बाद कार चालक रुका नहीं, वह कार लेकर फरार हो गया।
गनीमत रही कि दोनों छात्राएं सुरक्षित हैं, हालांकि दोनों घायल हो गई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
फोरलेन पर हुए इस हादसे की तस्वीर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में देखा गया कि दो छात्राएं स्कूटी से सड़क पार कर रही है। तभी पीछे से एक तेज रफ्तार कार आती है। कार स्कूटी को जोरदार टक्कर मारती है। जिससे दोनों छात्राएं हवा में उछलकर कार के बोनट पर जा गिरती है। फिर करीब 20 फीट दूरी इसी हालत में घिसटकर जमीन पर गिर जाती है।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग दौड़कर आते हैं। तभी मौका देखकर कार सवार आगे बढ़ जाता है। लोग लड़कियों को उठाकर सड़क के किनारे ले आते हैं।
दोनों घायल नर्सिंग कॉलेज की छात्राएं हैं। एक का नाम दिव्या (18) पिता ओमप्रकाश निवासी बरियाखेड़ी, नागदा है, वहीं दूसरी का नाम प्रिया (22) पिता राजेश निवासी नागदा है। दोनों नर्सिंग कॉलेज जा रही थीं। हादसा जावरा के चुरुवाला दाल मिल रोड पर हुआ है।

