छतरपुर। जिले में गढ़ा गांव स्थित बागेश्वर धाम परिसर में टेंट गिर गया। हादसे में लोहे का एंगल सिर में लगने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई जबकि, भगदड़ में 8 लोग घायल हुए हैं।
हादसा गुरुवार सुबह करीब 7 बजे आरती के बाद हुआ।
बारिश से बचने के लिए श्रद्धालु टेंट के नीचे इकट्ठा हुए थे।
घायलों को छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक श्याम लाल कौशल के दामाद राजेश कुमार कौशल ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश में गोंडा जिले के मनकापुर गांव के रहने वाले हैं। ससुराल बस्ती जिले के चौरी गांव में है। परिवार के 6 लोग कार से बुधवार रात बागेश्वर धाम आए थे। शुक्रवार को धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री का जन्मदिन है।
इससे पूर्व गुरुवार सुबह सभी लोग तैयार होकर पं. धीरेन्द्र शास्त्री के दर्शन के लिए पहुचे थे।
राजेश कुमार कौशल ने आगे बताया कि लोहे का एंगल उनके ससुर श्यामलाल कौशल (50) के सिर में लगा जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
सिविल सर्जन शरद चौरसिया ने बताया कि बागेश्वर धाम में टेंट गिरने से एक शख्स की मौत हो गई। 2 लोगों का इलाज किया जा रहा है। 6 लोगों को मामूली चोटें आई थी, उनको प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया है।


