भोपाल। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत 194 नवीन आंगनवाड़ी केंद्र प्रारंभ करने, बहुउद्देशीय केंद्र की स्थापना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से मजरे- टोला को जोड़ने एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की तरह बैगा, भारिया और सहरिया जनजाति के लोगों को आवास उपलब्ध कराने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
आज मंत्रालय में कैबिनेट बैठक में मंत्रीगण के साथ राम वन पथ गमन और विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
इसके साथ औद्योगिक क्षेत्र बाबई मुहासा में नवकरणीय ऊर्जा के उपकरण बनाने के लिए लगने वाले उद्योगों के लिए दो संरचना विकास के काम करने 230 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।
आगर मालवा में विधि महाविद्यालय की स्थापना और प्रदेश में स्थापित होने वाले सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय के लिए पदोन्नति वाले पदों को सीधी भर्ती के माध्यम से भरने की अनुमति भी कैबिनेट द्वारा दी गई।
इसमें पीएम जनमन योजना को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया गया। बैठक में तय किया गया कि सभी मंत्री 26 जनवरी को अपने गृह जिले में झंडा फहरायेगे।
पीएम जनमन योजना में विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा, भारिया और सहारिया को आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा बजट में प्रविधान किया जाएगा।

