कटनी। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया जिसमे तीन वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक एनकेजे थाना क्षेत्र के सुर्खी टैंक के पास देर रात एक बजे हुआ। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। इसके बाद पीछे से आ रहा एक 407 मिनी ट्रक भी बेकाबू होकर इन दोनों वाहनों से जा टकराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, ट्रक चालक सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें हाईवे यातायात चौकी पुलिस की मदद से रात तीन बजे जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार लोग एक शादी समारोह से लौटकर कटनी की ओर आ रहे थे। तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहा ट्राला (एचआर 47 जी 4675) अनियंत्रित होकर स्कॉर्पियो से भिड़ गया। ट्राला चालक हादसे के बाद गाड़ी में बुरी तरह फंस गया था, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।


