भोपाल। राजधानी में नगर निगम के हाउसिंग फॉर ऑल प्रोजेक्ट में हो रही लेटलतीफी से परेशान हितग्राहियों ने सोमवार को आईएसबीटी निगम ऑफिस का घेराव कर दिया।
प्रदर्शनकारियो की भीड़ ने ऑफिस के अंदर घुसने का प्रयास किया। लेकिन, पुलिस ने भीड़ को गेट पर ही रोक दिया। गुस्साए लोग नारेबाजी करते हुए गेट सामने ही धरने पर बैठे गए। विरोध प्रदर्शन कर रहे हितग्राही हाथों में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के पोस्टर लेकर पहुंचे है।
प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को सुनने के लिए मौके पर नगर निगम कमिश्नर हरेंद्र नारायण और महापौर मालती राय को बुलाने पर अड़ गए।
विरोध बढ़ता देख मौके पर पहुंचे नगरनिगम कमिश्नर हरेंद्र नारायण का लोगों ने घेराव कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग उनकी मांगों को पूरी करने की नारेबाजी करते रहे।
सोमवार को निगम के हाउसिंग के 12 नंबर, बाग मुगालिया-गंगानगर के अधूरे प्रोजेक्ट के विरोध में सैकड़ों की संख्या में पहुंचे हितग्राहियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मकान के लिए कई महिलाएं अपने नन्हें बच्चे को साथ लेकर पहुंची। वहीं, प्रदर्शन के दौरान जैसे ही निगम कमिश्नर मौके पर पहुंचे लोगों ने उनका घेराव कर दिया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान निगम कमिश्नर हरेंद्र नारायण जैसे ही ऑफिस पहुंचे एक व्यक्ति उनके कदमों में गिरकर रोने लगा। उसने कमिश्नर से गुजारिश किया कि सालों से भटक रहा हूं, मकान नहीं मिला। मुझे मकान दे दो। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने व्यक्ति को संभाला। कमिश्नर ने लोगों को समझाया और कहा कि जल्द ही सभी को मकान दिए जाएंगे। मौके पर निरीक्षण को दौरान लोगों की समस्या सुनने का भी आश्वासन दिया है।
12 नंबर मल्टी में फ्लैट बुक कराने वाले बिजली कंपनी में कार्यरत लोकेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि नगर निगम ने दिवाली पर हितग्राहियो को घर देने का वादा किया था, जो पूरा नहीं हुआ। अब तक न तो बिल्डिंग बनकर तैयार हुई है और न ही बिजली लाइन बिछी है। चारों ओर गंदगी है। मलबा पड़ा है। 5 साल से होम लोन की किश्त और मकान का किराया दोनों भर रहा हूं। वेतन का 50-60% हिस्सा केवल इसी में जा रहा है।
उन्होंने बताया कि करीब 6 साल पहले फ्लैट बुक कराया था, जो अब तक नहीं मिला है। चूंकि, निगम ने दिवाली से पहले घर देने का वादा किया था, लेकिन यह पूरा नहीं किया।
गौरतलब है कि 12 नंबर बस स्टॉप पर पीएम आवास योजना के अंतर्गत 2017 में प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई थी। दो साल में प्रोजेक्ट पूरा होना था। इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत एमआईजी के 216, एलआईजी के 576 एवं ईडब्लूएस के 1008 फ्लैट बनाए गए हैं। इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 247 करोड़ है। नगर निगम ने वर्ष 2017 में ही बड़ा इवेंट कर इन फ्लैट्स की बुकिंग प्रारम्भ की थी।
बता दें कि नगर निगम के गंगानगर, 12 नंबर, भानपुर सहित कई जगहों पर हाउसिंग प्रोजेक्ट चल रहे हैं। पीएम आवास योजना के तहत मकान बन रहे हैं, लेकिन काम में लेटलतीफी आम लोगों पर भारी पड़ रही है। सालों पहले उन्होंने इस उम्मीद में फ्लैट्स या सिग्लेक्स मकान बुक कराए थे कि उन्हें जल्दी पजेशन मिल जाएगा, लेकिन कई जगहों पर प्रोजेक्ट को सालों बीत चुके हैं। बावजूद लोगों का अपने घर का सपना पूरा नहीं हो रहा है।
वही, नगर निगम कमिश्नर हरेंद्र नारायण जल्द प्रोजेक्ट पूरे कर हितग्राहियों को घर देने की बात कही है।

