बिजली की अधाधुंध कटौती पर विधायक का बयान बेतुका और गैर जिम्मेदाराना – राजेंद्र सिंह भदौरिया

सीधी। इन दिनों भीषण गर्मी के बावजूद एक ओर जहां किसान खेत खलिहान में व्यस्त हैं, उनको बेमौसम बरसात एवं आंधी तूफान में जल्दी से जल्दी अपनी उपज को घर के भीतर करने की दिन-रात फिक्र लगी है।
वहीं, ऐसी परिस्थितियों में बिजली की दिन या रात में कई-कई घंटे तक अघोषित कटौती समझ से परे है।
उक्त आरोप अपने जारी एक बयान में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं जिला कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सिंह भदौरिया ने लगाए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने पिछले लोकसभा चुनाव वर्ष 2019 के घोषणा पत्र में देश की जनता को ये गारंटी वाला वादा किया था कि वो वर्ष 2022 तक हर घर बिजली और 24 घंटे बिजली देंगे। ऐसे में तो अब वर्ष 2024 का लोकसभा चुनाव जारी है और अब तो बिजली कटौती का प्रश्न ही नहीं उठना चाहिए।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह भदौरिया ने हाल ही में सीधी विधायक रीति पाठक द्वारा कुछ समाचार पत्रों को बिजली कटौती मुद्दे पर दिए गए उनके इस बयान…“गर्मी का सीजन है, कटौती भी होना जरूरी है, दिन में कटौती से लोगों को दिक्कतें होंगी इसलिए रात में कटौती की जा रही है। हालांकि शिकायत पर टाईम चेंज करवा दिया जाएगा। घंटे-दो-घंटे कटौती होना है। इसमें सभी को क्वापरेट करने की जरूरत है। चुनाव प्रक्रिया से फुर्सत होकर इसकी व्यवस्था कराई जाएगी।”
पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा है कि वो बिजली की कटौती को भी आवश्यक मानती हैं और ये भी कहना की बिजली की बचत के लिए अच्छा है, और जनता इसमें सहयोग करे…ये घोर आश्चर्यजनक एक बेतुका और गैर जिम्मेदाराना बयान है।
कांग्रेस नेता राजेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा कि इस भीषण गर्मी में बिजली से ही जहां एक और छोटे-छोटे किसान अपने सब्जी भाजी एवं गर्मी के लिए छोटे-छोटे फल उद्यान लगाकर सिंचाई करते हैं। कई किसानों के खलिहानों में फसलों की गहाई का कार्य थ्रेसर के द्वारा बिजली से ही अभी किया जा रहा है। परंतु 24 घंटे में कभी भी घंटों-घंटों के लिए की जाने वाली बेतहाशा बिजली कटौती से सारे कार्य प्रभावित हो रहे हैं, लोग रातों को भी चैन से नहीं सो पा रहे हैं। अब तो बसोरों के बने बांस के छोटे-छोटे पंखे भी लोगों के पास नहीं है। रात में बाहर घूमना पड़ता है, इन तकलीफों को कोई नजर अंदाज कैसे कर सकता है ?
बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा मेंटेनेंस और फॉल्ट का बहाना करके अपने जिम्मेदारी से भागना उनके लापरवाही पूर्वक काम करने से बचने का एक सरल तरीका बन गया है।
अंत में राजेंद्र भदौरिया ने कहा कि यदि यथाशीघ्र सीधी जिले की शहरी से लेकर ग्रामीण स्तर की विद्युत व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करते हुए 24 घंटे की विद्युत सप्लाई निर्वाध तरीके से जारी नहीं रखी गई तो इस पर कांग्रेस पार्टी अपने वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में कोई बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर होगी।
राजेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा है कि कमलनाथ की कांग्रेस सरकार के समय उस समय की सांसद रहीं वर्तमान की सीधी विधायक रीति पाठक लालटेन दिखाते हुए सड़कों पर घुमा करती करती थीं, अब वही एक-एक लालटेन और मिट्टी का तेल अपने विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक घर में गरीबों के यहां उपलब्ध करा देतीं तो बेहतर होता जिससे गरीबों के घर में लालटेन की रोशनी ही सही पर उजाला तो पहुंच सकता।

 

Next Post

विकासखण्ड मुख्यालयों में आयोजित हुई समय-सीमा समीक्षा बैठक

सीधी। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशानुसार सभी खण्ड मुख्यालयों में समय-सीमा समीक्षा बैठक का आयोजन उपखण्ड अधिकारियों की अध्यक्षता में की गई। बैठक में खण्डस्तरीय अधिकारियों से सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशानुसार आगामी तीन दिवसों में अभियान चलाकर […]