जबलपुर। शहर के विजयनगर थानांतर्गत शादी में कूलर बंद होने पर दुल्हन के भाई (मामा के बेटे) की हत्या कर दी गई। बारात में आए युवक और उसके तीन साथियों ने युवक की कमर – पैर में चाकू मारे।
घटना मंगलवार – बुधवार दरमियानी रात 2 बजे की है। विजय नगर पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। बाकी आरोपी फरार हैं। बारात शास्त्री नगर से विजय नगर आई थी।
जानकारी के मुताबिक राज अहरिवार (19) शहर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में आईटीआई के पास का रहने वाला था। मंगलवार को मेट्रो लॉन मैरिज गार्डन में उसकी बुआ की बेटी का वैवाहिक कार्यक्रम चल रहा था। बताया जा रहा है कि फॉल्ट होने पर कूलर बंद हो गया। एक बाराती शोर मचाने लगा। बार-बार कहने लगा कि गर्मी बहुत है, जल्दी कूलर चलाओ। राज ने जाकर उसे समझाया कि दो मिनट में सुधर जाएगा। दोनों में बहस हो गई। गहमागहमी के बीच राज ने उसे थप्पड़ जड़ दिया।
जिसके बाद गुस्से में बाराती बाहर चला गया और फोन कर अपने तीन साथियों को बुला लिया। राज जैसे ही मैरिज गार्डन से बाहर आया, चारों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। इस समय तक खाना-पीना हो चुका था। अंदर शादी की रस्में चल रही थीं।
मृतक के दोस्त प्रदीप चौधरी ने बताया कि चारों लड़कों ने मिलकर राज की हत्या की और फरार हो गए। उसे मेडिकल कॉलेज ले गए। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
नगर पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ने बताया कि राज पर भी शहर के अलग-अलग थानों आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। 1 आरोपी को हिरासत में लिया है, बाकी को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।