जबलपुर। देश का भविष्य कहे जाने वाले युवाओं को सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस डिण्डौरी द्वारा विशेष पहल की गई।
जिले के समस्त विद्यालयों से लगभग 200 शिक्षकों को डाइट कार्यालय में यातायात संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में पम्पलेट वितरण एवं प्रोजेक्टर के माध्यम से शिक्षकों को यातायात के चिन्हों, सूचनात्मक तथा आदेशात्मक साइन बोर्डों की बारीकियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
यातायात थाना प्रभारी सुभाष उईके ने सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में पीड़ितों की सहायता हेतु शासन द्वारा संचालित राहगीर योजना, हिट एण्ड रन योजना तथा कैश-लैस ट्रीटमेंट योजना के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को यातायात संबंधी जागरूक करना है।
यातायात प्रभारी ने शिक्षकों से अनुरोध किया कि वे अपने विद्यालयों में प्रत्येक माह कम से कम एक बार यातायात शिक्षा से संबंधित कक्षा अवश्य आयोजित करें, ताकि आने वाली पीढ़ी सड़क दुर्घटनाओं से बच सके।
गौरतलब है कि यह पहल पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह के निर्देशन में चल रहे विशेष यातायात जागरूकता अभियान (08 सितम्बर से 22 सितम्बर 2025) का हिस्सा है।
अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन कार्यक्रम आयोजित कर समाज के हर वर्ग को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया जा रहा है, साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले लापरवाह वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई भी की जा रही है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सूबेदार अभिनव राय, आरक्षक कमलेश कुमार, नेहरू युवा केन्द्र के आरपी कुशवाहा सहित शिक्षकगण मौजूद रहे।
इस दौरान सभी ने “सुरक्षित यातायात – सुरक्षित डिण्डौरी” का संकल्प लेकर जिले को सड़क दुर्घटना मुक्त बनाने की शपथ ली।


