डिंडोरी। जिले के शाहपुर थाने में बीते 22 जून को सूचनाकर्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बेटी रेखा बाई की शादी पिछले वर्ष मार्च में अनुपपुर जिले में हुई थी। शादी के बाद रेखा बाई 8–9 दिन रूकने के बाद अपने मायके ग्राम कलगीटोला आ गई और मायके में ही रह रही थी।
इस दौरान रेखा बाई की पड़ोस के गांव भीठीटोला (पाकरबघर्रा) निवासी कोमल कुशराम से फोन पर बातचीत होने लगी थी। रेखा बाई कोमल कुशराम के साथ शादी करने वाली थी। लेकिन, कोमल कुशराम रेखा बाई के चरित्र में शंका करते हुए झगड़ा विवाद करता था।
21-22 जून 2024 की दरम्यिानी रात में कोमल कुशराम ने रेखा बाई के चरित्र पर शंका करते हुए धारदार चाकू से उसके शरीर में कई जगह वार किया, जिससे रेखा बाई की मौत हो गई। हत्या करने के बाद कोमल कुशराम मौके से फरार हो गया।
वारदात की सूचना मिलते ही शाहपुर थाना प्रभारी द्वारा इसकी सूचना तत्काल उच्चधिकारियो को दी गई।
पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह के निर्देशन में अति. पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (शहपुरा) मुकेश अबिंद्रा के मार्गदर्शन में शाहपुर थाना प्रभारी केएस मरावी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जिसके बाद पुलिस टीम विवेचना करते हुए आरोपी कोमल कुशराम की तलाश में जुट गई।
आरोपी कोमल कुशराम वारदात को अंजाम देने के बाद दूसरे राज्य भाग जाने की फिराक में था, लेकिन पुलिस टीम ने अपनी सूझबूझ से चंद घंटों में ही आरोपी को अपने गिरफ्त में ले लिया।
आरोपी कोमल कुशराम से सघनता से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार चाकू को पुलिस ने बरामद कर लिया।
शाहपुर पुलिस ने आरोपी कोमल कुशराम को धारा 302 (भादंवि), 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार के न्यायालय में पेश किया।
शाहपुर थाना प्रभारी केएस मरावी के नेतृत्व में की गई कार्यवाही में विक्रमपुर चौकी प्रभारी (सउनि) संतोष यादव, प्रधान आरक्षक रामरतन माकों, हरे सिंह, राजकुमार जायसवाल, आरक्षक खेमराम गायकवाड़, उज्जवल यादव, संत लाल, चालक आरक्षक निशांत पटेल एवं साइबर सेल के प्रधान आरक्षक मुकेश प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस टीम के द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी करने में सफलता प्राप्त करने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस टीम को नगद ईनाम देने की घोषणा की गई है।


