घर के कामकाज करने को लेकर बहू के साथ जमकर मारपीट, मुंह में जबरन डाला कीटनाशक

भोपाल। नजीराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झिरनिया छापरी में घर के कामकाज को लेकर सास-बहू की किचकिच ने तूल पकड़ लिया। इसके चलते सास, पति व देवर ने विवाहिता के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान उसके मुंह में जबरन इल्लीमार (कीटनाशक) दवा भी डाल दी। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
होश में आने पर पुलिस ने महिला का बयान दर्ज किया।
नजीराबाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
इस मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
नजीराबाद थाना प्रभारी एचएस वर्मा ने बताया कि मूलत: रायसेन के गौहरगंज की रहने वाली 32 वर्षीय कंचन गौर की शादी पांच वर्ष पहले ग्राम झिरनिया छापरी निवासी अरविंद गौर से हुई थी। उनकी कोई संतान नहीं है। कंचन के साथ पति के अलावा सास सेंगर बाई व देवर रवि गौर भी रहते है। उसका एक देवर भोपाल में रहता है। परिवार के पास खेती की जमीन और तीन मंजिल के घर में किराना दुकान भी है। पूरे घर में साफ-सफाई करने को लेकर कंचन का अपनी सास से अक्सर विवाद होता रहता था। इसमें पति भी अपनी मां का पक्ष लेते हुए कंचन को ही फटकार लगाता था। कंचन का तर्क था कि वह अकेले इतने बड़े घर में रोज सफाई करने में सक्षम नहीं है। इस मुद्दे पर उनके बीच आए दिन कलह होती थी। तीन जून को इस विषय पर झगड़ा शुरू हुआ था। मामला तूल पकड़ने पर पति, सास और देवर ने मिलकर कंचन के साथ जमकर मारपीट करना शुरू कर दी। साथ ही उसके मुंह में इल्ली मार दवा भी डाल दी। हालांकि हालत बिगड़ने पर वे लोग ही कंचन को उपचार के लिए अस्पताल भी ले गए।
घटना के बारे में पता चलने पर कंचन के मायके वाले भी अस्पताल पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कंचन के बयान दर्ज करने के बाद पति, सास व देवर के खिलाफ मारपीट करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता कंचन अभी अस्पताल में भर्ती है। हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर है।

 

Next Post

आरएसएस पदाधिकारी को साइबर अपराधियों ने महाराष्ट्र पुलिस के नाम से धमकाया, जांच में जुटी पुलिस

इंदौर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ पदाधिकारी को धमकाने का मामला प्रकाश में आया है। धमकी साइबर अपराधियों द्वारा तीन अलग-अलग नंबरों से दी गई है। सदर बाजार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीसीपी कार्यालय के साइबर एक्सपर्ट नंबरों की […]