रतलाम। जिले के बाजना थानांतर्गत ग्राम इमलीपाड़ा खुर्द में वन विभाग के जंगल में 22 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
जंगल के नवविवाहता के शव मिलने की खबर से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
कुछ देर बाद मृतिका के परिजन भी पहुंचे।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच प्रारम्भ की।
बताया गया कि युवती की शादी पौने दो माह पहले हुई थी।
मायके व ससुराल पक्ष ने हत्या की अशंका व्यक्त करते हुए कहा कि हत्या कर शव फेंका गया है। मौत का कारण पता नहीं चला है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह किसी ने जंगल में युवती का शव पड़े होने की आसपास के लोगों व पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय एवं बाजना थाना प्रभारी मोहन सिंह मौर्य व अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तो पाया कि युवती मृत अवस्था में पड़ी हुई थी।
इस दौरान किसी ने शव पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी तो वे भी मौके पर पहुंचे तथा शव की पहचान 22 वर्षीय प्रमिला पति भरत डोडियार निवासी ग्राम चंद्रगढ़ थाना बाजना के रूप में की।
रतलाम से एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल ने भी घटनास्थल पहुंचकर जांच की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज भिजवाया गया।
दोपहर करीब दो बजे शव मेडिकल कालेज लाया गया। शव का पोस्टमार्टम डाक्टरों की पैनल से कराया जाएगा।


