बुरहानपुर। जंगलों में भोजन और पानी की कमी के कारण वन्यजीव लगातार ग्रामो के तरफ रुख कर रहे हैं। खासतौर पर उन क्षेत्रों में मौजूदगी ज्यादा देखी जा रही है, जहां पानी के स्रोत हैं।
शुक्रवार रात शाहपुर रेंज के बंभाड़ा गांव से लगे चांदगढ़ में तेंदुए ने खुले में बंधे दो मवेशियों का शिकार किया है। जिसके बाद से दोनों गांवों के ग्रामीणो में दहशत का माहौल बना हुआ है।
कृषक पंकज काटकर ने बताया कि सुबह उठ कर देखा तो भैंस के दो बछड़े मृत अवस्था में पड़े थे और पास में तेंदुए के पंजे के निशान थे। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी।
वन परिक्षेत्र अधिकारी संजय मालवीय मौके पर पहुंचे और पंजे के निशान देखने के बाद तेंदुए की पुष्टि की है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को फिलहाल सतर्कता बरतने के लिए कहा है। उन्हें अकेले खेतों में नहीं जाने के लिए कहा गया है और पालतू पशुओं को रात के समय बाड़े में बंद रखने की हिदायत दी है। साथ ही घटना स्थल के पास फिर पिंजरा लगाया गया है।
गौरतलब हैं कि इससे पहले भी वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए बंभाड़ा में पिंजरा लगाया था, लेकिन वह इसमें नहीं फंसा था।
बता दे कि बीते करीब दो सप्ताह से गांव के आसपास तेंदुए की मौजूदगी बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के पास से पहाड़ी क्षेत्र लगा हुआ है। पास में ही एक डैम भी है। जिसके चलते वन्यजीव इसमें पानी पीने आते हैं। प्यास बुझाने के बाद कई वन्यजीव बस्ती तक भी पहुंच रहे हैं। उन्होंने जल्द तेंदुए को पकड़ने और दहशत समाप्त कराने की मांग की है।


