आरएसएस पदाधिकारी को साइबर अपराधियों ने महाराष्ट्र पुलिस के नाम से धमकाया, जांच में जुटी पुलिस

इंदौर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ पदाधिकारी को धमकाने का मामला प्रकाश में आया है। धमकी साइबर अपराधियों द्वारा तीन अलग-अलग नंबरों से दी गई है।
सदर बाजार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीसीपी कार्यालय के साइबर एक्सपर्ट नंबरों की जांच में जुटे हैं।
सदर बाजार थाना प्रभारी रत्नाबर शुक्ला के मुताबिक कार्यकर्ता दौलतराम उर्फ सोहन जोशी निवासी शांतिपथ द्वारा प्रकरण दर्ज करवाया है।
सोहन जोशी ने पुलिस को बताया कि कॉल संघ प्रचारक देवेंद्र आर रेड्डी के मोबाइल पर आया था। देवेंद्र आर रेड्डी पूरे देश में भ्रमण करते हैं।
घटना के वक्त देवेंद्र आर रेड्डी संघ कार्यालय पर ही मौजूद थे।
आरोपियों ने स्वयं को महाराष्ट्र पुलिस से होना बताया और उनके संबंध में जानकारी मांगी। उनसे कहा कि महाराष्ट्र में एफआईआर दर्ज हो चुकी है। आरोपियों ने ट्राय का भी नाम लिया था। उनसे कहा कि मोबाइल नंबर की केवायसी की जानकारी नहीं दी है, इस लिए नंबर को ब्लाक कर दिया जाएगा।
आरोपियों ने रुपये वसूलने की कोशिश भी की।
देवेंद्र आर रेड्डी से दूसरा नंबर लिया और वाट्सएप कालिंग कर बात करने लगे। उनसे एफआईआर के संबंध में जानकारी साझा की और यह भी कहा कि इस केस में सजा हो सकती है।
आरोपियों ने फेक कॉल कर फर्जी अधिकारी से बात करवा दी। आरोपी डिजिटल अरेस्ट करने का मन बना चुके थे। देवेंद्र आर रेड्डी उनकी मंशा भाप गए और फोन कट कर दिया। उन्होंने तुरंत सोहन को पूरा घटनाक्रम बताया और सदर बाजार थाना में प्रकरण दर्ज करवा दिया।

 

Next Post

भीषण गर्मी और लू लगने से पांच लोगों की माैत, भीषण गर्मी से जनजीवन अस्‍तव्‍यस्‍त

ग्वालियर। प्रदेश सहित जिले भर में इन दिनों भीषण गर्मी का आलम है। इसका असर जनजीवन पर देखा जा रहा है। नौतपा खत्म होने के बाद भी गर्मी कम होने का नाम नहीं ले रही है। भीषण गर्मी के कारण लोगों की जान भी खतरे में पड़ रही है। बुधवार […]