भोपाल। पुराने शहर के कबाड़खाना क्षेत्र में शनिवार सुबह दोमंजिला इमारत में स्थित बेकरी में अचानक भीषण आग लग गई।
आग लगने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया तो वहीं घटना का पता चलते ही मौके पर पहुंची 15 दमकलों ने लगभग पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाने में सफलता हासिल की।
कबाड़खाना की तंग गलियों में दमकलों को पहुंचने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। वहीं भीषण आग की वजह से एक दीवार भी गिर गई। इस दौरान आग बुझाने में जुटे फायर कर्मचारी बाल-बाल बच गए, नहीं तो बड़ी घटना हो सकती थी।
जानकारी के अनुसार सिंधी कालोनी कबाड़खाना क्षेत्र में स्थित दोमंजिला बिल्डिंग में अजहर अली नाम के कारोबारी की बेकरी स्थित है।
बेकरी में बिस्किट सहित अन्य खाद्य पदार्थ का निर्माण किया जाता है। शनिवार सुबह लगभग साढ़े पांच बजे बेकरी में आग लग गई। धुएं के साथ आग की लपटें देख लोगों ने फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी। फायरकर्मी नौशाद ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही कबाड़खाना फायर स्टेशन से एक दमकल पहुंच गई थी, जिसने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया था लेकिन आग बढ़ती ही जा रही थी। इससे फतेहगढ़, पुल बोगदा, गांधीनगर, बैरागढ़ सहित अन्य स्टेशनों से लगभग 15 दमकलें मौके पर पहुंचीं। सभी ने लगभग पांच घंटे की मशक्कत कर दस-सवा दस बजे तक आग को पूरी तरह से बुझा दिया था। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के क्षेत्र भी चपेट में आ जाते और एक बड़ी घटना घटित हो सकती थी।
सूत्रों के मुताबिक बेकरी की बिल्डिंग के एकदम नजदीक ही बिजली का खंभा है। जहां से कुछ जगहों पर कनेक्शन भी दिए गए हैं। इसी खंभे पर विद्युत तारों में शार्टसर्किट होने से चिंगारी भड़की और इससे सटी बैकरी में आग लग गई। हालांकि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। इसके बाद ही सही वजह सामने आ सकेगी।
आग लगने के कारण बैकरी में रखा लाखों का माल जलकर खाक हो गया है।


