बुधनी में मतदान के दौरान हंगामा, गाड़ियों के शीशो में तोड़फोड़े, दोपहर 3 बजे तक 65 प्रतिशत हुआ मतदान, शिवराज ने गृहग्राम जैत में पहुंचकर किया मतदान

सीहोर। जिले की बुधनी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बुधवार को मतदान हुआ।
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक दोपहर 3 बजे तक बुधनी सीट पर लगभग 65 प्रतिशत मतदान हुआ है।
इसी बीच बुधनी से कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल के समर्थकों ने उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शाहगंज में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया। गाड़ियों के कांच फोड़ दिए। राजकुमार पटेल के छोटे भाई को पीटा गया। कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि खुलेआम गुंडागर्दी की जा रही है। लोगों को वोट डालने से रोका जा रहा है। साथ ही अपने पक्ष में मतदान के लिए दबाव भी बनाया जा रहा है।
बुधनी विधानसभा के शाहगंज पोलिंग बूथ पर तोड़फोड़ और कांग्रेस के लोगों के थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसके साथ ही गाड़ियों के टूटे कांच और अन्य तरह के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित भी हो रहे हैं।
गौरतलब है कि बुधनी भाजपा की परंपरागत सीट है। इससे पहले शिवराज सिंह चौहान इसी सीट से विधायक थे। सांसद चुने जाने के बाद उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया, जिससे यहां उपचुनाव कराए जा रहे हैं।
वही, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुबह अपने गृहग्राम जैत में पहुंचकर मतदान किया।
बता दे कि बुधनी विस सीट पर उपचुनाव में सुबह 9 बजे तक 16.90 प्रतिशत, 11 बजे तक 36 प्रतिशत और दोपहर 1 बजे तक 54.86 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके थे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण सिंह एवं पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने मतदान केंद्रों का भ्रमण कर चल रहे मतदान की कार्रवाई का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने मतदान केन्द्रों पर आए मतदाताओं से चर्चा भी की। इस दौरान उन्होंने मतदान सम्पन्न कराने वाले अधिकारी कर्मचारियों को व्यवस्थित ढंग से कार्रवाई संपादित करने के निर्देश दिए।
मतदाताओं में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है। मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की कतार नजर आ रही है। सुबह से बड़ी संख्या में महिलाएं भी वोट डालने पहुंच रही हैं। इसी बीच सुबह कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल ने बकतरा के बूथ क्रमांक 9 पर पत्नी के साथ पहुंचकर मतदान किया। वहीं, भाजपा प्रत्याशी रमाकांत भार्गव ने मतदान केंद्र क्रमांक 54 पर पहुंचकर वोट डाला।
उधर, भेरूंदां के बूथ क्रमांक 260 जनपद पंचायत में मतदान की गोपनीयता भंग होने की शिकायत कुछ मतदाताओं द्वारा की गई।
मतदाताओं ने कहा कि ईवीएम मशीन के पीछे कांच लगा है। इससे मतदान की गोपनीयता भंग हो रही है।
बुधनी विधानसभा उप निर्वाचन के लिए 1597 मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही 45 सेक्टर ऑफिसर-कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, 45 सेक्टर अधिकारी पुलिस तथा पांच फ्लाइंग स्क्वाड दल बनाए गए।

 

Next Post

दो थानो की संयुक्त पुलिस टीम ने कार से 80 किलो गांजा किया बरामद, आरोपी मौके से हुए फरार

सिवनी। जिले के धनोरा थाना अंतर्गत सुनवारा मुख्यालय में डूंडा सिवनी पुलिस और धनोरा पुलिस ने आज सुबह दिन बुधवार को एक कार से 80 किलो गांजा बरामद किया है। मौके से आरोपी फरार हो गए जिनकी तलाश की जा रही है। जानकारी के मुताबिक एक फोर्ड फिगो वाहन में […]