ई-बाइक की चार्जिंग के दौरान हुआ धमाका, बच्ची की मौत, दो लोग झुलसे

रतलाम। शहर के पीएंडटी कॉलोनी में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात ई-बाइक में चार्जिंग के दौरान धमाके से घर में आग लग गई। हादसे में 11 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि बच्ची के नाना सहित 2 लोग झुलस गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिस ई-बाइक में धमाका हुआ उसे दो दिन पहले ही सुधरवाया गया था।
हादसा शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 2.30 बजे भागवत मोरे के घर हुआ, इस हादसे में उनकी नातिन अंतरा चौधरी की मौत हो गई।
आधी रात में अचनाक धमाके की आवाज सुनते ही पड़ोसियों की नींद खुली। वे मदद के लिए दौड़े। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। वही, आग से घर का सामान भी जल गया।
जानकारी के मुताबिक अंतरा अपनी मां के साथ वड़ोदरा (गुजरात) से रतलाम अपने नाना भागवत मोरे के यहां आई थी। रविवार सुबह दोनों वड़ोदरा लौटने वाले थे। हादसे में भागवत मोरे और अंतरा की कजिन लावण्या (12) भी झुलस गए हैं।
स्थानीय निवासी सुनील महावर ने कहा कि जिस मकान में आग लगी है, उसके पास रहने वाले इमरान का फोन रात में आया। सूचना मिलते ही मैं मौके पर पहुंचा। आसपास के सभी लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। किसी तरह आसपास के लोगों के साथ घर के अंदर पहुंचकर वहां रहने वाले लोगों को ढूंढा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बताया गया कि कमरे में आगे पोर्च में जुपिटर और ई-बाइक रखी हुई थी। ई-बाइक चार्ज हो रही थी। बाइक की बैटरी रात 12 बजे भागवत मोरे ने ही चार्जिंग पर लगाई थी।
भागवत के दामाद अनिल चौधरी ने बताया कि डेढ़ साल पहले ई-बाइक खरीदी थी। बैटरी खराब होने पर 15 से 20 दिन पहले ही सुधारने के लिए दिया था। तब से गाड़ी शोरूम में थी। 3 जनवरी को ही गाड़ी घर लाए थे। इसके बाद इसे एक बार चार्ज किया था। कल रात इसे दोबारा बार चार्जिंग पर लगाया तो धमाका हो गया।
नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि स्कूटी में चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका है। जांच की जा रही है।

 

Next Post

साइबर ठगों ने महिला बैंककर्मी को फसाया डिजिटल अरेस्ट के जाल में, पुलिस ने ठगी से बचाया महिला को, शिकायत की गई दर्ज

भोपाल। प्रदेश के राजधानी भोपाल की एक महिला बैंककर्मी को डिजिटल अरेस्ट कर साइबर ठगी का प्रयास किया गया। ठग के फोन से घबराई महिला ने खुद को कमरे में बंद कर वीडियो कॉल पर बातचीत शुरू कि तो परिजनों को शंका हुई। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने […]