नकाबपोश बदमाशों ने पूर्व आर्म्स डीलर के घर में लगाई आग, घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद

DR. SUMIT SENDRAM

कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाले पूर्व आर्म्स डीलर के घर मंगलवार की रात को तीन नकाबपोश बदमाश वाहन से पहुंचे और गेट के पास ज्वलनशील पदार्थ छिड़कर आग लगा दी व भाग निकले।
बाहर आग लगी देखकर परिजन भागे और गार्डन में लगे नल से पानी की बौछार कर आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है और पुलिस अज्ञात पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक माधवनगर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में नगर के पूर्व आर्म्स डीलर नाजिम खान का निवास है।
बताया जाता है कि मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक बजे के लगभग उनके गेट पर अचानक से किसी ने ज्वलनशील पदार्थ फेंका और आग लगा कर भाग निकले। दरवाजे में आग लगी देखकर घर के लोग दहशत में आ गए और बाहर की ओर भागकर गार्डन में आ गए। जहां पर पानी की व्यवस्था थी और नल के माध्यम से परिजनों व आसपास के लोगों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया, जिससे बड़ी घटना टल गई।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। साथ ही परिजनों ने जब घर के सीसीटीवी कैमरे जब खंगाले गए तो उसमें सामने आया कि स्कूटी सवार तीन नकाबपोश घर के सामने तक आए थे। उन्होंने वाहन रोका और उसमें से युवक नीचे आने के बाद गेट पर पहुंचे और कोई ज्वलनशील पदार्थ फेंककर आग लगा दी। साथ तत्काल दोपहिया वाहन में बैठकर भाग निकले।
मामले को पुरानी रंजिश से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
परिजनों का आरोप था कि रात को सोते में घर के सभी सदस्यों को जान से मारने की साजिश रची गई थी।
मामले की शिकायत नाजिम खान ने माधवनगर थाना में दर्ज कराई है।
पुलिस ने अज्ञात तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और उनकी तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के सामने आने के बाद ही घटना को लेकर पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
अति. पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी नाजिम खान के घर में रात को ज्वलनशील पदार्थ फेंककर आग लगाने की शिकायत पर माधवनगर थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में कोई पुरानी रंजिश की बात नहीं बताई गई है। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है और उनके सामने आने के बाद ही पता लगेगा कि वे किसके कहने पर आग लगाने गए थे। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

 

Next Post

कुत्ता गुम होने पर आरआई ने आरक्षक को बेल्ट व चप्पल से पीटा

खरगोन। पालतू श्वानों के गुम होने पर एक नाराज रक्षित निरीक्षक (आरआई) ने आरक्षक की पिटाई कर दी। इसके बाद जेएस संगठन और आरक्षक के परिजन जब अजाक थाने में पहुंचे तो वहां एफआईआर लिखने से मना कर दिया गया। गुस्साए संगठन के सदस्याओं और परिजनों ने खरगोन- खंडवा मार्ग […]