महिला की मौत से गुस्साए बेटे ने डॉक्टरों पर किया हमला, हमले के विरोध में उतरे डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ

DR. SUMIT SENDRAM

खंडवा। बुधवार सुबह जिला अस्पताल खंडवा में इलाज के दौरान एक महिला मरीज की मौत हो गई। इसके बाद महिला के बेटे ने इलाज कर रहे डॉक्टर को मुक्कों से पीटा और कुर्सी व ईसीजी मशीन फेंककर मारी।
घटना के बाद डॉक्टरों ने पुलिस थाने तक रैली निकाली और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
डॉक्टरों ने बताया कि महिला को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. रणजीत बडौले ने बताया कि 2 जुलाई की रात एक बजे 42 वर्षीय रेखा पति धीरज को हृदय संबंधी समस्या कारण इमरजेंसी वार्ड में लाया गया। प्राथमिक जांच और ईसीजी में हार्ट अटैक की पुष्टि होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया।
परिजन को मरीज की गंभीर हालत से अवगत कराया गया और हाई रिस्क कंसर्न लिया गया। सुबह 4 बजे दूसरी ईसीजी कराई गई। इसकी रिपोर्ट में कोई सुधार नहीं दिखा। डॉक्टरों द्वारा सीपीआर सहित सभी संभव प्रयास किए गए, लेकिन मरीज को बचाया नहीं जा सका।
महिला की मौत की सूचना मिलने पर परिजन भड़क गए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात जूनियर और सीनियर महिला डॉक्टरों के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोपियों ने जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर कुलदीप जोशी से मारपीट की और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। नर्सिंग स्टाफ के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।
मारपीट की घटना के बाद खंडवा मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टरों ने नारेबाजी करते हुए थाना मोघट रोड तक रैली निकाली और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है। डॉक्टरों ने पुलिस को घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा है।
ड्यूटी डॉक्टर कुलदीप जोशी ने बताया कि मरीज के साथ आए तीन अटेंडर में से एक ने उन पर हमला किया। आरोपी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की, कुर्सी फेंकी और ईसीजी मशीन तोड़ दी। डॉ. कुलदीप जोशी ने कहा कि आईसीयू में मौजूद अन्य गंभीर मरीजों की जान को भी खतरा था।
जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने डॉक्टर्स के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण की मांग की है और आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

 

Next Post

कलेक्ट्रेट परिसर में जमीन की रजिस्ट्री को लेकर विवाद, जमकर हुई मारपीट

शहडोल। कलेक्ट्रेट परिसर में एक जमीन की रजिस्ट्री को लेकर हुए पारिवारिक विवाद के बाद जमकर मारपीट हुई। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें परिवार के सदस्यों के बीच मारपीट और गाली-गलौज साफ दिखाई दे रही है। घटना कलेक्ट्रेट परिसर के उप-पंजीयक कार्यालय के सामने […]