आत्महत्या के प्रयास और बचाने की कोशिश में दो सगे भाइयों की ट्रेन से कटकर मौत

DR. SUMIT SENDRAM

शहडोल। शहर के कोतवाली थानांतर्गत मुड़ना पुल रेलवे ट्रैक पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे मालगाड़ी से कटकर दो भाइयों की मौत हो गई। छोटा भाई आत्महत्या के इरादे से ट्रैक पर लेटा था, बड़ा भाई उसे बचाने पहुंचा था। इसी दौरान मालगाड़ी आ गई और बड़ा भाई ट्रेन की चपेट में आ गया।
यह देखकर छोटा भाई भी मालगाड़ी के पहियों के नीचे कूद गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जबलपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान पुरानी बस्ती निवासी सुरेश सोनी (32) और सचिन सोनी (35) के रूप में हुई है। सुरेश सोनी मेडिकल कॉलेज शहडोल के साइकिल स्टैंड में पर्ची काटने का काम करता था। वहीं, सचिन सोनी भी दिहाड़ी का काम करता था। सुरेश की इसी साल 20 अप्रैल को शादी हुई थी।
जीआरपी थाना प्रभारी आरएम झरिया ने बताया कि मंगलवार रात को सुरेश का पत्नी से विवाद हो गया था। घर पर झगड़े के बाद वह दुर्गा पंडाल में आकर बैठ गया। यहां उसका बड़ा भाई सचिन भी मौजूद था। उससे कहा कि मैं अब जीना नहीं चाहता, आत्महत्या कर लूंगा।
यह सुनकर सचिन ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना और आत्महत्या के इरादे से रेलवे ट्रैक की ओर चल दिया। उसके पीछे-पीछे सचिन भी मुड़ना नदी पुल के ऊपर स्थित रेलवे ट्रैक पहुंच गया। यहां जान देने के इरादे से सुरेश ट्रैक पर लेट गया।
सचिन ने सुरेश को ट्रैक से उठने के लिए आवाज दी, लेकिन वह नहीं उठा। इस बीच, कटनी की तरफ से गुड्स ट्रेन (मालगाड़ी) आ गई। सचिन ने ट्रैक से सुरेश को खींचकर बाहर कर दिया। इस दौरान वह खुद ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर मौत हो गई।
यह देखकर सुरेश भी चलती ट्रेन के पहियों के बीच कूद पड़ा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद उसे जबलपुर मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया था। जबलपुर ले जाते समय उमरिया के पास रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया। जीआरपी ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

 

Next Post

प्रोपेन गैस से भरा टैंकर हाईवे पर पलटने से लगा 30 किलोमीटर लम्बा जाम, एम्बुलेंस सहित कई वाहन फंसे जाम में, टैंकर में गैस रिसाव के चलते नेशनल हाईवे को किया गया बंद

गुना। जिले के गादेर गांव में प्रोपेन गैस से भरा एक टैंकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर में भरा प्रोपेन गैस का रिसाव होने लगा, जिससे हड़कंप की स्थिति बन गई। इसके बाद प्रशासन ने नेशनल हाइवे के दोनों तरफ का मार्ग बंद कर दिया। हादसे में टैंकर का […]